तनाव से मुक्ति और आत्मविश्वास की उड़ान सिखाएगा आर्ट ऑफ लिविंग, शोभित विश्वविद्यालय में युवा सशक्तिकरण कार्यक्रम शुरू

मेरठ। पढ़ाई के दबाव और प्रतिस्पर्धा के बीच विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत बनाने और जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करने की पहल शोभित विश्वविद्यालय ने की है। विश्वविद्यालय के नाइस स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज की ओर से आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से युवा सशक्तिकरण एवं कौशल विकास कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। स्वयम् प्लस मंच के माध्यम से संचालित होने वाले इस कार्यक्रम में योग, ध्यान और श्वास तकनीकों के जरिए विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन के गुर सिखाए जाएंगे।

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. विनोद कुमार त्यागी ने कहा कि स्वस्थ मन के लिए स्वस्थ शरीर जरूरी है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर समान रूप से ध्यान देना समय की आवश्यकता है। प्रो-वाइस चांसलर ने कहा कि खुश रहने की कला ही आर्ट ऑफ लिविंग है। जीवन में सकारात्मकता, प्रसन्नता और संतुलन सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं।

योग और ध्यान से निखरेगा व्यक्तित्व

नाइस स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज की निदेशक प्रो. क्षमता चौहान ने कहा कि कार्यक्रम विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर देगा। इसके माध्यम से उन्हें जीवन की चुनौतियों से निपटने के व्यावहारिक कौशल भी सिखाए जाएंगे। प्रशिक्षण में योग, ध्यान और श्वास तकनीकों के जरिए एकाग्रता, भावनात्मक संतुलन, संवाद कौशल और सकारात्मक सोच विकसित करने पर जोर रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम और स्वयम् प्लस पर पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। नियमित कक्षाएं 25 नवंबर से शुरू होंगी। प्रशिक्षण के लिए रिसोर्स पर्सन संचित जैन और काव्या नागपाल होंगे। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. नेहा त्यागी ने किया, जबकि मंच संचालन मोहम्मद अहमद ने संभाला। विश्वविद्यालय की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक, भावनात्मक और व्यक्तिगत रूप से सशक्त बनाकर उन्हें जीवन एवं करियर की चुनौतियों का आत्मविश्वास से सामना करने के लिए तैयार करना है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts