धनतेरस पर सकारात्मकता और खुशहाली का स्वागत करें: अक्षय म्हात्रे
‘हमारी राधा’ के गिरधर बोले- त्योहार सिर्फ सोना-चांदी खरीदने तक सीमित नहीं, इससे जुड़ी भावनाएं और विश्वास भी अहम
मेरठ। दिवाली के पांच दिवसीय उत्सव की शुरुआत धनतेरस से होती है। यह पर्व समृद्धि, खुशहाली और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इस मौके पर अनमोल टीवी के पहले ओरिजिनल शो ‘हमारी राधा’ में गिरधर का किरदार निभा रहे अभिनेता अक्षय म्हात्रे ने धनतेरस से जुड़ी अपनी भावनाएं साझा कीं। उनका कहना है कि धनतेरस केवल सोना-चांदी खरीदने का पर्व नहीं, बल्कि जीवन में सकारात्मकता और खुशहाली का स्वागत करने का अवसर है।
अक्षय म्हात्रे के मुताबिक, धनतेरस दिवाली की शुभ शुरुआत का प्रतीक है। इस दिन लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोना, चांदी या कोई विशेष वस्तु खरीदकर घर लाते हैं। हालांकि, उनके लिए इस परंपरा से जुड़ी भावना और विश्वास सबसे अधिक मायने रखते हैं। उन्होंने कहा कि घर लाई जाने वाली वस्तु से ज्यादा महत्वपूर्ण वह खुशी और उम्मीद है, जो उसके साथ जुड़ी होती है।
सभी को मिले सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि
अक्षय ने कहा कि धनतेरस के साथ ही त्योहारों की रौनक, उत्साह और अपनों से मिलने-जुलने का सिलसिला शुरू हो जाता है। उन्होंने कामना की कि सभी के जीवन में खुशियां आएं और हर किसी को अच्छी सेहत, समृद्धि तथा मां लक्ष्मी का आशीर्वाद मिले।
शो में बढ़ रहा रिश्तों का टकराव
वहीं, धारावाहिक ‘हमारी राधा’ में गिरधर की जिंदगी में रिश्तों का उलझाव बढ़ता जा रहा है। वह शनाया (वैदेही नायर) के करीब आता जा रहा है, जबकि उसके धोखे से आहत राधा (सिमरन कौर) ने अब उसका सामना करने का फैसला किया है। राधा बदला लेने के साथ गिरधर को वापस पाने की उम्मीद भी रखती है।
‘हमारी राधा’ का प्रसारण हर रात 9:30 बजे अनमोल टीवी पर किया जाता है।


No comments:
Post a Comment