प्रदूषण से जंग में नमो भारत का बढ़ा सहारा, बुधवार से चलेंगी 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स
सराय काले खां से मोदीपुरम तक मिलेगा अतिरिक्त ट्रेनों का लाभ, निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए एनसीआरटीसी की पहल
मेरठ। एनसीआर में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच एनसीआरटीसी ने नमो भारत यात्रियों को बड़ी राहत देने की तैयारी की है। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर बुधवार, 4 नवंबर से 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स शुरू की जाएंगी। ये सभी अतिरिक्त सेवाएं दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक पूरे कॉरिडोर पर संचालित होंगी। एनसीआरटीसी का उद्देश्य यात्रियों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव और प्रदूषण कम किया जा सके।
एनसीआर में वायु गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है। दिल्ली का एक्यूआई 397 तक पहुंचने के साथ गाजियाबाद और मेरठ में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) का दूसरा चरण लागू किया गया है। इसके अलावा एक नवंबर से कुछ श्रेणियों के वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं। ऐसे में नमो भारत की अतिरिक्त सेवाओं को सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
दिल्ली से मेरठ तक यात्रियों को मिलेगा लाभ
एनसीआरटीसी के अनुसार, 20 अतिरिक्त ट्रिप्स पूरे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर संचालित होंगी। इससे दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच प्रतिदिन सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। खासकर नौकरीपेशा लोगों और नियमित यात्रियों को इसका लाभ मिल सकेगा। अधिक ट्रेन सेवाएं उपलब्ध होने से निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।
मेट्रो, रेलवे और बस सेवाओं से जुड़ा नमो भारत
नमो भारत कॉरिडोर के प्रमुख स्टेशनों को दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेलवे, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और सिटी बस सेवाओं से जोड़ा गया है। सराय काले खां, आनंद विहार, न्यू अशोक नगर और गाजियाबाद जैसे स्टेशनों पर मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी उपलब्ध है। इससे यात्री एक परिवहन माध्यम से दूसरे माध्यम तक आसानी से पहुंच सकते हैं।
ऐप से मिलेगी पार्किंग की लाइव जानकारी
यात्रियों की सुविधा के लिए नमो भारत स्टेशनों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा नमो भारत कनेक्ट ऐप पर लाइव पार्किंग ट्रैकिंग की सुविधा उपलब्ध है। यात्री टिकट बुक करने से पहले ही पार्किंग की उपलब्धता देख सकेंगे और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे।
यात्रियों की मांग के अनुसार बढ़ाई गई सेवाएं
एनसीआरटीसी का कहना है कि यात्रियों की जरूरत और बढ़ती मांग के अनुसार ट्रेन परिचालन में लगातार सुधार किया जा रहा है। अतिरिक्त ट्रिप्स से एक ओर यात्रियों को सुविधाजनक सफर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक परिवहन को मजबूत कर एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को भी गति मिलेगी।


No comments:
Post a Comment