14 नवंबर से शुरू होगा RLD T20 क्रिकेट टूर्नामेंट, 10 टीमें दिखाएंगी दम; विजेता को मिलेंगे एक लाख रुपये

IIMT यूनिवर्सिटी के मैदान पर होंगे 24 मुकाबले, 27 दिसंबर को चौधरी जयंत सिंह के जन्मदिन पर होगा समापन

मेरठ। युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने और स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के लिए मेरठ में RLD T20 क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) खेल प्रोत्साहन प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में होने वाली प्रतियोगिता का शुभारंभ 14 नवंबर को सुबह नौ बजे गंगानगर स्थित IIMT यूनिवर्सिटी के क्रिकेट मैदान पर होगा। टूर्नामेंट का समापन 27 दिसंबर को रालोद प्रमुख चौधरी जयंत सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर किया जाएगा।

10 टीमों के बीच होंगे 24 रोमांचक मुकाबले

प्रतियोगिता में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें दो समूहों में बांटा गया है। टूर्नामेंट के दौरान करीब 24 मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें चौधरी सुपर किंग्स, राजकुमार रॉयल, RD 75, परसु 11, स्पोर्ट्स एक्स, लेमफोर्ड, वी डी वेयर, जाफरान 11, मुजफ्फरनगर टाइटन और गोल्डन ग्लेडिएटर की टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी।

विजेता टीम को एक लाख, उपविजेता को 51 हजार

टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर चैंपियन बनने वाली टीम को एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं, उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह है।

'खेल से संगठन, संगठन से शक्ति' होगी थीम

रालोद खेल प्रोत्साहन प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी डॉ. दीपक तोमर ने बताया कि युवाओं में आउटडोर खेलों के प्रति घटती रुचि को देखते हुए उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ना बेहद जरूरी है। टूर्नामेंट के जरिए युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित की जाएगी। साथ ही उन्हें अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। आयोजन की थीम 'खेल से संगठन, संगठन से शक्ति' रखी गई है।

डॉ. दीपक तोमर के नेतृत्व में होगी आयोजन की जिम्मेदारी

पूरे टूर्नामेंट का आयोजन प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दीपक तोमर के नेतृत्व में किया जाएगा। प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल चौधरी और प्रदेश महासचिव अभिषेक चौधरी संयुक्त रूप से आयोजन की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, वरिष्ठ क्रिकेटर इमरान और क्षेत्रीय अध्यक्ष शारिक चौधरी कोच की भूमिका निभाएंगे।

आयोजकों का मानना है कि इस प्रतियोगिता से मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में क्रिकेट गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts