दिल्ली के पहाड़गंज में निर्माणाधीन होटल की छत ढही, आठ मजदूर घायल, कई की हालत गंभीर
दूसरी मंजिल का लेंटर डालते समय हुआ हादसा, गीले पिलरों पर भारी निर्माण सामग्री का दबाव पड़ने से इमारत का हिस्सा गिरने की आशंका
नई दिल्ली। दिल्ली के मध्य जिले के पहाड़गंज इलाके में रविवार को एक निर्माणाधीन होटल में बड़ा हादसा हो गया। दूसरी मंजिल का लेंटर डालने के दौरान इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय वहां काम कर रहे आठ मजदूर मलबे और निर्माण सामग्री की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तत्काल लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
यह हादसा पहाड़गंज के संगतराशन स्थित कशेरुवालान में हुआ। बताया गया कि निर्माणाधीन इमारत गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के ठीक सामने स्थित है। यहां होटल बनाने का काम चल रहा था। रविवार को दूसरी मंजिल की छत का लेंटर डाला जा रहा था, तभी अचानक इमारत का एक हिस्सा ढह गया।
गीले पिलरों पर लेंटर का भार पड़ने से हादसे की आशंका
डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह के अनुसार, पहाड़गंज थाने को पीसीआर कॉल के माध्यम से इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रारंभिक निरीक्षण में सामने आया कि इमारत को सहारा देने वाले पिलर गीले थे और भवन एक तरफ झुका हुआ प्रतीत हो रहा था। आशंका है कि पिलरों पर लेंटर का अतिरिक्त भार पड़ने के कारण इमारत का हिस्सा ढह गया। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
आठ मजदूर अस्पताल में भर्ती, कुछ को गंभीर फ्रैक्चर
हादसे में घायल मजदूरों की पहचान शेख सद्दाम (37), शेख राजा (20), मोहम्मद सुहैल (50), संजुद खान (40), गौतम यादव (28), वरुण यादव (36), राजा (36) और मंटसु (40) के रूप में हुई है। घायलों में कुछ को गंभीर फ्रैक्चर आए हैं, जबकि अन्य को मामूली चोटें लगी हैं। सभी का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment