मेरठ कॉलेज में अंतर-महाविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज, 15 कॉलेजों की टीमें दिखा रहीं दमखम
महिला वर्ग में पांच और पुरुष वर्ग में 10 महाविद्यालयों की टीमें ले रहीं हिस्सा, खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन का संदेश
मेरठ। मेरठ कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग की मेजबानी में रविवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता 2026-27 का उत्साह और उमंग के बीच शुभारंभ हुआ। 15 और 16 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 10 और महिला वर्ग की पांच महाविद्यालयों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। पहले दिन खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी मेरठ प्रो. प्रमेंद्र कुमार और विशिष्ट अतिथि मां शाकंभरी विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजीव कुमार ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में मेरठ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार और आयोजन सचिव एवं मुख्य नियंता प्रो. वीरेंद्र कुमार ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। कॉलेज की डीन प्रो. अनीता मलिक का भी पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।
इसके बाद अतिथियों ने फीता काटकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया और मैदान में उतरने वाले खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
खेल भावना और अनुशासन से हासिल करें सफलता
मुख्य अतिथि प्रो. प्रमेंद्र कुमार का शारीरिक शिक्षा और खेल जगत से गहरा जुड़ाव रहा है। वह पूर्व में शारीरिक शिक्षा के प्रोफेसर और प्राचार्य के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन और सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
दो दिन तक कोर्ट पर दिखेगा खिलाड़ियों का कौशल
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों के बीच मुकाबले खेले गए। दो दिवसीय आयोजन में महिला और पुरुष वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर प्रो. योगेश कुमार, प्रो. नीलम पवार, प्रो. आभा अवस्थी, प्रो. पवन कुमार, प्रो. अनुराधा सिंह, डॉ. अनीता मोरल, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. आशीष तोमर, प्रो. मनोज सिवाच, प्रो. वाचस्पति मिश्रा, प्रो. सचिन शर्मा, प्रो. ललित कुमार, प्रो. भूपेंद्र सिंह, प्रो. अनुराग सिंह, डॉ. अमृतलाल, प्रो. पंजाब सिंह मलिक, डॉ. पंकज भारती, श्री दीन मोहम्मद और श्री देवी प्रसाद सहित आयोजन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment