दहेज, नशाखोरी और मृत्यु भोज पर उठे सवाल, जाट महासभा की राष्ट्रीय संगोष्ठी में समाज सुधार का संकल्प

गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत रहे मुख्य अतिथि, हजारों लोगों की मौजूदगी में सामाजिक कुरीतियों और युवाओं के भविष्य पर हुआ मंथन

मेरठ। दहेज प्रथा, युवाओं में तेजी से बढ़ती नशे की लत और मृत्यु भोज में होने वाले फिजूलखर्ची जैसे मुद्दों पर रविवार को सुभारती विश्वविद्यालय में जाट समाज की राष्ट्रीय संगोष्ठी में गंभीर मंथन हुआ। अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा की ओर से आयोजित संगोष्ठी में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में मेरठ समेत आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में समाज के लोगों ने पहुंचकर सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और समाज को नई दिशा देने के लिए अपने विचार रखे।

संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि समाज की मजबूती केवल आर्थिक संपन्नता से नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार, सामाजिक एकजुटता और युवाओं को सही दिशा देने से आएगी। मंच पर ईडी के पूर्व निदेशक करनैल सिंह, प्रोफेसर केपी सिंह, मेजर जनरल एसएस अहलावत, गोरखपुर विश्वविद्यालय के वीसी कैप्टन सिंह और एचपी सिंह परिहार सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महासभा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अमन सिंह एडवोकेट ने किया।

कृषि के साथ युवाओं को रोजगार और कारोबार से जोड़ने पर जोर

ईडी के पूर्व निदेशक करनैल सिंह ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज एक छोटी नौकरी करने वाले व्यक्ति की आय भी कई बार कृषि परिवारों से अधिक हो जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। नाबार्ड की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में एक मध्यमवर्गीय कृषि परिवार की सालाना आय करीब 1.20 लाख रुपये है। इतनी कम आय में परिवार का खर्च चलाना बड़ी चुनौती है।

उन्होंने कहा कि समाज को इस दिशा में गंभीरता से विचार करना होगा कि युवा केवल खेती पर निर्भर न रहें, बल्कि कृषि के साथ-साथ व्यवसाय, नौकरी और दूसरे रोजगार के अवसर भी तलाशें। युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें नए व्यवसायों से जोड़ना समय की जरूरत है।

मृत्यु भोज में दिखावे और फिजूलखर्ची पर लगे रोक

संगोष्ठी में मृत्यु भोज की परंपरा में बढ़ते दिखावे और खर्च को लेकर भी वक्ताओं ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई परिवार मृत्यु भोज में विवाह समारोह से भी अधिक खर्च कर देते हैं। दुख की घड़ी में परिवार पर आर्थिक बोझ डालने वाली ऐसी परंपराओं पर पुनर्विचार जरूरी है।

वक्ताओं ने सुझाव दिया कि मृत्यु के बाद होने वाले तेरहवीं के कार्यक्रम में सुबह यज्ञ कराया जाए और इसके बाद प्रसाद वितरण किया जाए। दूर-दराज से शोक संवेदना व्यक्त करने आने वाले लोगों के लिए केवल सादे भोजन की व्यवस्था होनी चाहिए। मृत्यु भोज को दिखावे और महंगे पकवानों का आयोजन बनाने के बजाय सादगी और संवेदना से जोड़ने की जरूरत है।

नशे की गिरफ्त में युवा पीढ़ी, संस्कारों पर भी जताई चिंता

युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को संगोष्ठी का एक प्रमुख मुद्दा बनाया गया। वक्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते बच्चों और युवाओं को सही दिशा नहीं दिखाई गई तो इसका नुकसान आने वाली पीढ़ियों को उठाना पड़ेगा। नशा न केवल युवा के भविष्य को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।

उन्होंने शिक्षा के साथ संस्कारों को भी जरूरी बताते हुए कहा कि पहले भले ही शिक्षा का स्तर कम रहा हो, लेकिन समाज में संस्कारों का महत्व अधिक था। आज शिक्षा का विस्तार हुआ है, लेकिन संस्कारों में कमी चिंता का विषय है। बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों, नैतिक मूल्यों और पारिवारिक परंपराओं से जोड़ना भी जरूरी है।

सामाजिक एकजुटता से बदलाव लाने का आह्वान

महासभा के प्रवक्ता गजेंद्र सिंह पायल ने बताया कि संगोष्ठी का उद्देश्य समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श करना और सामाजिक सुधार की दिशा में सामूहिक पहल को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों ने सामाजिक एकजुटता, युवाओं के भविष्य, आर्थिक आत्मनिर्भरता और कुरीतियों को समाप्त करने पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने समाज के लोगों से अपील की कि वे बदलाव की शुरुआत अपने परिवार और आसपास से करें, तभी व्यापक सामाजिक परिवर्तन संभव हो सकेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts