आस्था और सूर्य उपासना के साथ छठ महापर्व का संध्या अर्घ्य, घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
36 घंटे के निर्जला व्रत के बीच महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य, छठी मैया से मांगी परिवार की खुशहाली
मेरठ। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को शहर के विभिन्न घाटों और जलाशयों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। शाम होते ही महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ पूजा की टोकरी और सूप लेकर घाटों पर पहुंचने लगीं। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और सूर्य उपासना के मंत्रों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
महिलाओं ने सूप और पूजन टोकरी में फल, ठेकुआ, नारियल सहित विभिन्न पूजन सामग्री सजाई। इसके बाद विधि-विधान से छठी मैया की पूजा कर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। व्रतियों के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए। घाटों पर देर शाम तक पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा।
खरना के बाद शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ हुई थी। दूसरे दिन शनिवार को व्रती महिलाओं ने खरना किया। दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर छठी मैया को भोग लगाया गया। पूजा के बाद महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार तथा परिचितों में वितरित किया। खरना के साथ ही महिलाओं का 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो गया।
सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा पारण
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके लिए सुबह तड़के ही श्रद्धालु घाटों पर पहुंचेंगे। सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करने और छठी मैया की पूजा के बाद महिलाएं प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण करेंगी। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो जाएगा।


No comments:
Post a Comment