29 नवंबर को वैश्य समाज के 500 मेधावी होंगे सम्मानित, पांच विभूतियों को मिलेगा ‘वैश्य शिरोमणि’ सम्मान
2500 से अधिक समाजबंधुओं के जुटने की संभावना, 23 केंद्रों पर जमा हो रहीं विद्यार्थियों की अंकतालिकाएं
मेरठ। वैश्य समाज मेरठ महानगर की ओर से 29 नवंबर को मेधावी छात्र-छात्रा अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में होने वाले इस समारोह में करीब 500 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, समाज की पांच विशिष्ट विभूतियों को प्रतिष्ठित ‘वैश्य शिरोमणि’ सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर रविवार को कमला देवी शिशु मंदिर, शास्त्रीनगर में संस्था पदाधिकारियों की बैठक हुई।
महामंत्री प्रमोद गुप्ता ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि प्रख्यात उद्योगपति डॉ. रामकुमार गुप्ता होंगे। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और ‘वैश्य एकता’ स्मारिका भेंट की जाएगी। इसके अलावा आईएएस, पीसीएस और आईआईटी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को विशेष सम्मान दिया जाएगा।
23 केंद्रों पर जमा हो रहीं अंकतालिकाएं
मेधावी विद्यार्थियों के चयन के लिए महानगर में 23 केंद्र बनाए गए हैं। अब तक करीब 350 छात्र-छात्राओं की अंकतालिकाएं जमा हो चुकी हैं। यूपी बोर्ड के 60 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी सम्मान के पात्र होंगे, जबकि सीबीएसई बोर्ड के विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक की पात्रता तय की गई है। संस्था ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से निर्धारित केंद्रों पर अंकतालिका की छायाप्रति जल्द जमा कराने की अपील की है, ताकि अंतिम सूची तैयार की जा सके।
भव्य आयोजन में जुटेंगे 2500 से अधिक समाजबंधु
संस्था अध्यक्ष सुशील कृष्ण गुप्ता ने बताया कि समारोह में 2500 से अधिक वैश्य बंधुओं के शामिल होने की संभावना है। अतिथियों और समाज के लोगों के स्वागत-सत्कार के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। बैठक में प्रदीप वार्ष्णेय, गीता अग्रवाल, गीता जिंदल, प्रवीण कुमार गुप्ता, सुशील राजवंशी, मुकुल सिंघल, संजीव अग्रवाल, मनमोहन अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, अमित मित्तल, हर्ष गोयल, सुशील कुमार और अमित अग्रवाल सहित कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे। अध्यक्षता सुशील कृष्ण गुप्ता ने की और संचालन प्रमोद गुप्ता ने किया। बैठक का आयोजन प्रदीप वार्ष्णेय के सौजन्य से हुआ।


No comments:
Post a Comment