विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग की जिला चैंपियनशिप में रिद्धी शर्मा की टीम प्रथम
मेरठ। राष्ट्रीय युवा उत्सव 2026-27 के अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 (VBYLD) के लिए रविवार को मुख्य विकास भवन सभागार, कचहरी परिसर मेरठ में जिला स्तरीय पीपीटी राउंड चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता सुबह नौ बजे से शुरू हुई।
कार्यक्रम में माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले जनपद के 200 युवाओं के बीच आयोजित ऑनलाइन निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से शॉर्टलिस्ट किए गए 60 युवाओं ने प्रतिभाग किया। पीपीटी राउंड में युवाओं ने अपनी प्रतिभा, विचारों और प्रस्तुतीकरण कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में रिद्धी शर्मा, आराध्य गुप्ता और मानसी माहेश्वरी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं निशा रस्तोगी, गौरव रस्तोगी और तनु मलिक की टीम द्वितीय स्थान पर रही। दोनों विजेता टीमें आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगी।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के अंतर्गत 9 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला युवा अधिकारी यशवंत यादव एवं क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी सचिन कुमार की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम का संचालन अखिल कुमार ने किया। कार्यक्रम प्रभारी गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी, प्रतिभागी एवं उनके अभिभावक मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment