आगरा से अखिलेश यादव ने किया PDA आंदोलन का शंखनाद, बोले- लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा

दलित सम्मेलन में भाजपा पर साधा निशाना, बोले- PDA का D अब दमदार दलित; सपा सरकार बनी तो शिक्षकों को पेंशन और संविदाकर्मियों का भविष्य करेंगे सुरक्षित

आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा में दलित सम्मेलन के मंच से 2027 विधानसभा चुनाव के लिए PDA आंदोलन को धार देने का ऐलान किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर दलितों के उत्पीड़न, शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और संविधान से जुड़े मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि इस बार लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा। PDA में D का मतलब अब केवल दलित नहीं, बल्कि दमदार दलित है। सम्मेलन में बड़ी संख्या में जुटे लोगों को उन्होंने सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में दलितों के साथ अन्याय और उत्पीड़न बढ़ा है। एनसीआरबी के आंकड़े भी प्रदेश की स्थिति को उजागर करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 200 से अधिक प्रतिमाएं तोड़ी गई हैं। जो लोग बाबा साहब की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाते हैं, वे वास्तव में संविधान और उससे मिले अधिकारों पर हमला करते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान रहेगा तो सम्मान और अधिकार सुरक्षित रहेंगे। लोकतंत्र की मजबूती भी संविधान की रक्षा से ही संभव है।

शिक्षकों को पेंशन, संविदाकर्मियों का भविष्य संवारने का वादा

सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षकों को पेंशन देने का काम किया जाएगा। लंबे समय से संविदा पर काम कर रहे कर्मचारियों को भी निराश नहीं किया जाएगा, बल्कि उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। संविदा पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों के हितों का भी ध्यान रखा जाएगा। कर्मचारियों से आठ घंटे से अधिक काम लेने पर उन्हें ओवरटाइम देने की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में कानून के राज के साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। गरीब, पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को सम्मान और अवसर दिलाना पार्टी की प्राथमिकता होगी।

पेपर लीक और स्कूल बंदी को लेकर सरकार पर हमला

अखिलेश यादव ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और परीक्षाएं रद्द होने के मामलों को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को नौकरी और आरक्षण से वंचित रखने के लिए परीक्षाओं की व्यवस्था प्रभावित की जा रही है। उनका कहना था कि यदि परीक्षाएं समय पर हों और युवाओं को अवसर मिले तो PDA समाज के बेटे-बेटियां भी सरकारी सेवाओं में आगे बढ़ सकते हैं।

उन्होंने प्रदेश में 26 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन स्कूलों में गरीब और PDA समाज के बच्चे पढ़ते थे। स्कूल बंद होने से बच्चों की शिक्षा के साथ शिक्षकों का भविष्य भी प्रभावित हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जहां स्कूल बंद किए गए हैं, वहां शराब की दुकानें खोलने की तैयारी दिखाई देती है।

स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा की बदहाली का भी उठाया मुद्दा

सपा प्रमुख ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों से मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजा जा रहा है और सरकारी सेवाओं को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में दलित तथा वंचित समाज की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत भी बताई। कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

किसानों की परेशानी और आलू खरीद का मुद्दा उठाया

अखिलेश यादव ने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आज किसान खाद और डीएपी के लिए कतारों में खड़े हैं। प्रदेश में बेहतर गुणवत्ता का आलू पैदा होने के बावजूद सरकार उसकी खरीद नहीं कर रही है। उन्होंने यमुना एक्सप्रेस-वे और बिजली व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में समाजवादी सरकार के कार्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

रामजी लाल सुमन को लेकर दिया राजनीतिक संदेश

सम्मेलन में अखिलेश यादव ने राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन का जिक्र करते हुए कहा कि उनके नाम में रामजी है और समाजवादी पार्टी की टोपी का रंग भी लाल है। उन्होंने विश्वास जताया कि रामजी लाल सुमन भाजपा के कमल को तोड़ने का काम करेंगे। अखिलेश ने कहा कि भाजपा को समझ नहीं आ रहा कि PDA को किस-किसका आशीर्वाद मिल रहा है। भगवान शिव और राम दोनों का आशीर्वाद उनके साथ है।

उन्होंने 2024 के चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए दावा किया कि भाजपा को 2027 में भी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि 2024 में जनता ने जो संदेश दिया था, 2027 में उसे और मजबूती से दोहराया जाएगा।

बाल योगी ने थामा सपा का दामन

दलित सम्मेलन के दौरान बाल योगी ने अखिलेश यादव की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने लोगों से भाजपा सरकार को बदलने और एक बार फिर अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने की अपील की। सम्मेलन के जरिए सपा ने दलित समाज के बीच अपनी राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी मजबूत करने का संदेश देने की कोशिश की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts