भक्ति, संगीत और नृत्य के संग सजी महिला चिकित्सकों की दीपावली
मेरठ ऑब्स एवं गायनिक सोसाइटी के महोत्सव में राम स्तुति और धनुची नृत्य ने बांधा समां, डॉक्टरों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बिखेरे रंग
मेरठ। अस्पतालों की व्यस्त दिनचर्या और मरीजों की सेवा के बीच महिला चिकित्सकों ने दीपावली का उत्सव गीत-संगीत, भक्ति और नृत्य के साथ मनाया। मेरठ ऑब्स एवं गायनिक सोसाइटी की ओर से होटल हारमनी इन में आयोजित दीपावली महोत्सव में चिकित्सकों ने न केवल धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया, बल्कि अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का भी प्रदर्शन किया। पूरा आयोजन उल्लास और उत्साह से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ सोसाइटी की पैट्रन डॉ. उषा शर्मा, अध्यक्ष डॉ. भारती माहेश्वरी, सचिव डॉ. प्रियंका गर्ग और उपसचिव डॉ. इशा खनूजा सहित शहर के प्रमुख स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों ने लक्ष्मी-गणेश पूजन और आरती के साथ किया।
राम स्तुति से भक्तिमय हुआ माहौल
डॉ. भारती माहेश्वरी, डॉ. प्रियंका गर्ग और डॉ. इशा खनूजा ने 'मेरी चौखट पर चलकर राम आए हैं' भजन पर राम स्तुति प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं, न्यूटीमा हॉस्पिटल के नर्सिंग स्टाफ ने पारंपरिक धनुची नृत्य की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में कविताओं के माध्यम से दीपावली के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व को भी साझा किया गया। गीतमाला और नृत्य प्रस्तुतियों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।
महिला चिकित्सकों के लिए सुकून के पल
डॉ. उषा शर्मा ने कहा कि महिला स्वास्थ्य और सशक्तिकरण समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसमें स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और चिकित्सकों के योगदान को रेखांकित किया।
अध्यक्ष डॉ. भारती माहेश्वरी ने कहा कि अस्पतालों में रोजाना की भागदौड़ और जिम्मेदारियों के बीच ऐसे आयोजन महिला चिकित्सकों के लिए नई ऊर्जा और सुकून लेकर आते हैं। वहीं, सचिव डॉ. प्रियंका गर्ग ने कहा कि ईश्वर की स्तुति और वंदना से मन को शांति मिलती है। सकारात्मक और शांत मन से चिकित्सक मरीजों का बेहतर उपचार कर सकते हैं।
महोत्सव में चिकित्सकों ने उत्सव के साथ आपसी मेलजोल और सांस्कृतिक परंपराओं का आनंद लिया। भक्ति, संगीत और नृत्य के संग मनाई गई दीपावली ने सभी को रोजमर्रा की व्यस्तता से कुछ पल दूर रहकर उत्सव की खुशियां साझा करने का अवसर दिया।


No comments:
Post a Comment