मेरठ रेंज ने प्रदेश में गाड़ा सफलता का झंडा, शिकायत निस्तारण में चारों जिले नंबर वन
आईजीआरएस की अक्टूबर रैंकिंग में मेरठ परिक्षेत्र को पहला स्थान, सीसीटीएनएस में भी मेरठ, बुलंदशहर और हापुड़ टॉप-10 में शामिल
मेरठ। पुलिस के कामकाज की ऑनलाइन निगरानी और जनता की शिकायतों के समाधान में मेरठ रेंज ने प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। आईजीआरएस की अक्टूबर माह की रैंकिंग में मेरठ परिक्षेत्र ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। उपलब्धि की खास बात यह है कि रेंज के चारों जिले मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ भी अपनी रैंकिंग में प्रदेश में अव्वल रहे। वहीं, सीसीटीएनएस की सितंबर माह की रैंकिंग में मेरठ ने तीसरा, बुलंदशहर ने छठा और हापुड़ ने नौवां स्थान हासिल कर टॉप-10 में जगह बनाई है।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने इस प्रदर्शन पर चारों जिलों की पुलिस टीमों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बेहतर रैंकिंग के पीछे शिकायतों की नियमित समीक्षा, समयबद्ध कार्रवाई और तकनीकी व्यवस्था का प्रभावी इस्तेमाल अहम रहा है।
शिकायतों के समाधान में चारों जिलों का दबदबा
मुख्यमंत्री की जनसुनवाई समन्वय शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के तहत अक्टूबर में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट जारी की गई है। इसमें मेरठ रेंज को प्रदेश में पहला स्थान मिला। रेंज के मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ जिलों ने भी प्रथम स्थान प्राप्त किया।
डीआईजी के मुताबिक, पिछले महीने सभी जिलों में आईजीआरएस की समीक्षा कर शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए थे। अधिकारियों ने इन निर्देशों पर गंभीरता से काम किया, जिसका परिणाम प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में दिखाई दिया।
सीसीटीएनएस में भी तीन जिलों ने बनाई जगह
पुलिस तकनीकी सेवाएं मुख्यालय, लखनऊ की ओर से जारी सितंबर 2026 की सीसीटीएनएस रैंकिंग में भी मेरठ रेंज के जिलों का प्रदर्शन बेहतर रहा। मेरठ प्रदेश में तीसरे, बुलंदशहर छठे और हापुड़ नौवें स्थान पर रहा।
सीसीटीएनएस रैंकिंग के लिए 16 पैरामीटर निर्धारित हैं। इनमें डेटा सिंक, अपराध विश्लेषण पोर्टल, शिकायतों का निस्तारण और गिरफ्तार व गुमशुदा लोगों से संबंधित सूचनाओं की फीडिंग जैसे बिंदुओं का मूल्यांकन किया जाता है। डीआईजी ने बताया कि पिछले महीने समीक्षा के दौरान दिए गए निर्देशों के बाद तीनों जिलों की टीमों ने बेहतर काम किया।
अब थाने में बैठकर नहीं चलेगी जांच की औपचारिकता
बेहतर रैंकिंग के साथ डीआईजी ने शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया है। उन्होंने निर्देश दिए कि आईजीआरएस पर मिलने वाली शिकायतों की जांच के लिए संबंधित अधिकारी खुद मौके पर पहुंचें। फोन पर बात करके या थाने में बैठकर जांच रिपोर्ट तैयार करने की व्यवस्था स्वीकार्य नहीं होगी।
जांच आख्या अपलोड करने से पहले थाना प्रभारी शिकायतकर्ता से फीडबैक लें। शिकायतों से जुड़े रजिस्टर अपडेट रखे जाएं और नोडल अधिकारी हर 15 दिन में मामलों की समीक्षा करें। जांच रिपोर्ट में घटनास्थल के अक्षांश और देशांतर यानी लैटिट्यूड-लॉन्गिट्यूड का उल्लेख भी अनिवार्य रूप से किया जाए।
महिला और साइबर अपराध की शिकायतों पर विशेष ध्यान
डीआईजी ने महिला, बुजुर्गों और साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। लंबित शिकायतों की निगरानी के लिए साप्ताहिक बैठक, डिजिटल मॉनिटरिंग के प्रभावी इस्तेमाल और थानों पर जनसुनवाई व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को सिर्फ निस्तारण की सूचना देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी समस्या का वास्तविक और विधिक समाधान होना चाहिए। पारदर्शी कार्रवाई से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास बढ़ेगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति देकर सम्मानित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।


No comments:
Post a Comment