खेतों की रखवाली से लेकर गन्ने के भुगतान तक, किसानों ने अफसरों के सामने खोला समस्याओं का पिटारा

रबी गोष्ठी में तीन मंडलों के किसानों ने उठाए खेती-किसानी से जुड़े मुद्दे, तारबंदी और सोलर पंप पर अनुदान मांगा; प्रमुख सचिव ने दिया समाधान का भरोसा

मेरठ। खेत में फसल तैयार करने की चुनौती हो या आवारा पशुओं से उसे बचाने की चिंता, खाद-बीज की उपलब्धता का सवाल हो या गन्ने के भुगतान में देरी का दर्द। किसानों ने अपनी समस्याएं एक-एक कर अधिकारियों के सामने रखीं। किसी ने खेतों की तारबंदी के लिए अनुदान मांगा तो किसी ने सोलर पंप और छोटे कृषि यंत्रों पर सब्सिडी की मांग की। किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाने और गन्ने के विलंबित भुगतान पर ब्याज देने की आवाज भी उठी। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, मोदीपुरम में मंगलवार को आयोजित संयुक्त मण्डलीय रबी उत्पादकता गोष्ठी में मेरठ, सहारनपुर और मुरादाबाद मंडल के किसानों ने खेती की जमीनी चुनौतियां सामने रखीं।

अखिल भारतीय किसान मेला एवं प्रदर्शनी परिसर में आयोजित गोष्ठी का उद्घाटन प्रमुख सचिव कृषि एमकेएस सुंदरम, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त, डीएम मेरठ डॉ. वीके सिंह, कृषि निदेशक टीएम त्रिपाठी और सहारनपुर मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


आवारा पशुओं से फसल बचाने के लिए तारबंदी पर अनुदान की मांग

किसानों ने कहा कि आवारा और जंगली पशुओं से फसलों को बचाना बड़ी चुनौती बन गया है। इसके लिए तारबंदी योजना में अनुदान देने की मांग की गई। इसके अलावा सोलर सिंचाई पंप, छोटे कृषि यंत्रों और बीज पर अनुदान उपलब्ध कराने की बात उठी। किसानों ने कहा कि कृषि योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया आसान होनी चाहिए और बीज आदि का अनुदान ओटीपी के माध्यम से उपलब्ध कराया जाए।

सहारनपुर में पॉपुलर की मंडी और उससे जुड़े उद्योग स्थापित करने, शामली में मत्स्य, डेयरी और रेशम विभाग के कार्यालय खोलने तथा बेहट तहसील के असिंचित क्षेत्रों में राजकीय नलकूप लगवाने की मांग भी रखी गई। गन्ना किसानों ने देरी से किए गए भुगतान पर ब्याज दिलाने और किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाने का मुद्दा उठाया।

ढैंचा की बुवाई से सुधरेगी मिट्टी की सेहत

प्रमुख सचिव कृषि एमकेएस सुंदरम ने किसानों से खेती में टिकाऊ तौर-तरीके अपनाने की अपील की। उन्होंने मिट्टी में लगातार घट रहे जैविक कार्बन पर चिंता जताते हुए ढैंचा की बुवाई, फसल चक्र में बदलाव और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना भविष्य की खेती के लिए जरूरी है।

उन्होंने मेरठ की ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख करते हुए 1857 की क्रांति और हरित क्रांति से जुड़े योगदान को याद किया। प्रमुख सचिव ने बताया कि आजादी के समय देश में खाद्यान्न उत्पादन करीब 50 मिलियन टन था, जो अब बढ़कर 376 मिलियन टन हो गया है। इसमें किसानों और कृषि वैज्ञानिकों की अहम भूमिका रही है। वर्ष 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष के रूप में मनाए जाने पर उन्होंने महिला किसानों को बधाई दी और किसानों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

मसूर के बीज पर 100 प्रतिशत अनुदान

कृषि निदेशक टीएम त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश में 22 अक्टूबर से 30 नवंबर तक खेत बचाओ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत किसानों को खेतों की सुरक्षा, फसल अवशेष प्रबंधन, संतुलित उर्वरकों के इस्तेमाल और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कृषि विभाग के पोर्टल से दलहनी और तिलहनी बीज पर 75 प्रतिशत, गेहूं के बीज पर 50 प्रतिशत और मसूर के बीज पर 100 प्रतिशत अनुदान का लाभ लिया जा सकता है। किसानों से खेतों की मेड़बंदी, जल संरक्षण और पौधरोपण करने की अपील भी की गई।

जैविक कीटनाशक से लेकर सहफसली खेती तक के गुर बताए

तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने खेती को लाभकारी बनाने के तरीके बताए। डॉ. डीवी सिंह ने मत्स्य पालन, डॉ. प्रवीण कुमार ने गौमूत्र से जैविक कीटनाशक तैयार करने और डॉ. विकास मलिक ने ट्रेंच विधि से गन्ने की खेती के साथ सहफसली उत्पादन की जानकारी दी। श्रीमती सना खान ने वर्मी कंपोस्ट इकाई के जरिए जैविक खेती को बढ़ावा देने और आय बढ़ाने की तकनीक समझाई।

मेरठ मंडल की संयुक्त कृषि निदेशक स्मिता वर्मा ने बताया कि मंडल में खाद, बीज और कृषि रक्षा रसायनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। मुरादाबाद मंडल के संयुक्त कृषि निदेशक प्रशांत कुमार ने भी रबी रणनीति और कृषि निवेशों की स्थिति से अवगत कराया। सहारनपुर मंडलायुक्त ने भी मंडल में कृषि निवेशों की कमी नहीं होने की जानकारी दी।

विश्वविद्यालय किसानों को देगा तकनीकी सहयोग

कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने कहा कि विश्वविद्यालय पिछले 26 वर्षों से किसानों को नई कृषि तकनीकों की जानकारी देकर फसल उत्पादकता और आय बढ़ाने के लिए काम कर रहा है। किसान खेती से जुड़ी तकनीकी जानकारी के लिए विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों से संपर्क कर सकते हैं।

गोष्ठी में तीनों मंडलों के कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। संचालन जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार ने किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts