शराब छोड़ने की नसीहत बनी विवाद की वजह, पारिवारिक कहासुनी के बाद युवक ने खुद को गोली से उड़ाया

करनावल में सनसनीखेज घटना, मौके पर हुई 36 वर्षीय मोहित की मौत; पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

मेरठ। शराब की लत छुड़ाने के लिए परिवार की समझाइश भी एक युवक को नागवार गुजर गई। शुक्रवार शाम शराब पीने को लेकर घर में हुई कहासुनी के बाद सरूरपुर क्षेत्र के कस्बा करनावल में 36 वर्षीय मोहित ने तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

करनावल निवासी मोहित पुत्र कुशलपाल के बारे में परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह शराब पीने का आदी था। पिछले करीब डेढ़ महीने से उसकी शराब पीने की आदत काफी बढ़ गई थी। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। परिजन उसे शराब छोड़ने और इस आदत से दूर रहने के लिए समझाते थे, लेकिन इसको लेकर आए दिन कहासुनी होती थी।

शुक्रवार शाम मोहित बाजार से सामान लेकर घर लौटा। बताया गया कि उस समय भी वह शराब के नशे में था। परिजनों ने जब उसकी आदत का विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान मोहित ने तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सूचना पर पहुंची पुलिस, तमंचा बरामद

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सरधना आशुतोष कुमार और सरूरपुर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के हाथ से तमंचा बरामद किया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मोहित की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी सरिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की 16 वर्षीय बेटी नंदनी और 14 वर्षीय बेटा देवव्रत अभी पढ़ाई कर रहे हैं। पिता की अचानक मौत से दोनों बच्चे सदमे में हैं। परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

तहरीर मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई

सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के हाथ से तमंचा बरामद हुआ है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts