मेरठ के सर्राफा कारोबार को वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी, ज्वैलरी पार्क की मांग फिर उठी
आईआईजेएस भारत रिटेलर्स कनेक्ट सेमिनार में जुटे 150 से अधिक कारोबारी, निर्यात बढ़ाने, ई-कॉमर्स और आधुनिक व्यापारिक सुविधाओं पर हुआ मंथन
मेरठ। मेरठ के सैकड़ों साल पुराने आभूषण कारोबार को आधुनिक सुविधाओं के साथ वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की जरूरत एक बार फिर उठी है। गढ़ रोड स्थित स्टूडियो एक्सओ, द कैपिटल में रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद (जीजेईपीसी) ने मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के सहयोग से आईआईजेएस भारत रिटेलर्स कनेक्ट सेमिनार आयोजित किया। इसमें 150 से अधिक सर्राफा व्यापारियों और उद्यमियों ने हिस्सा लिया। सेमिनार में निर्यात संवर्धन, ई-कॉमर्स, ज्वैलरी स्टोर की बिक्री बढ़ाने और मेरठ में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ज्वैलरी पार्क स्थापित करने पर चर्चा हुई।
वैश्विक बाजार में मेरठ की कारीगरी को मिले पहचान
कार्यक्रम में जीजेईपीसी के रीजनल चेयरमैन (नॉर्थ) अंतरपाल सिंह साहनी ने अतिथियों और व्यापारियों का स्वागत करते हुए कहा कि मेरठ की कारीगरी और उद्यमशीलता में वैश्विक बाजार का नेतृत्व करने की क्षमता है। परिषद मेरठ के कारोबारियों के साथ खड़ी है। रीजनल डायरेक्टर (नॉर्थ) आशुतोष श्रीवास्तव ने निर्यात संवर्धन योजनाओं और परिषद की ओर से सदस्यों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।
जीजेईपीसी के सीओए सदस्य एवं कन्वेनर (इवेंट्स) मनसुख कोठारी ने 7 से 11 जनवरी 2027 तक मुंबई में आयोजित होने वाले आईआईजेएस भारत सिग्नेचर-2027 के 19वें संस्करण और आईजीजेएमई की जानकारी दी। उन्होंने मेरठ के अधिक से अधिक रिटेलर्स को इन आयोजनों से जुड़ने का आमंत्रण दिया।
ज्वैलरी स्टोर की बिक्री बढ़ाने के बताए तरीके
सेमिनार में इंडस्ट्री स्पीकर दीपक तुलसियान ने ज्वैलरी स्टोर की बिक्री 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के विषय पर व्यावहारिक मास्टरक्लास दी। उन्होंने बताया कि किस तरह कारोबारी अपने प्रतिष्ठान को मालिक की निरंतर मौजूदगी पर निर्भर रखे बिना बेहतर तरीके से संचालित कर सकते हैं। इसके अलावा रत्न एवं आभूषण निर्यात में 40 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि, एमएसएमई निर्यातकों के लिए सरकारी राहत और ई-कॉमर्स के जरिए अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
ज्वैलरी पार्क नहीं बना तो परंपरागत कारोबार पर संकट
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजयआनन्द अग्रवाल ने कहा कि मेरठ में ज्वैलरी पार्क की मांग पिछले 10 वर्षों से उठाई जा रही है। यदि समय रहते आधुनिक सुविधाओं से युक्त ज्वैलरी पार्क स्थापित नहीं हुआ तो शहर का सैकड़ों साल पुराना पारंपरिक ज्वैलरी मैन्युफैक्चरिंग कारोबार संकट में आ सकता है। युवा पीढ़ी इस व्यवसाय से दूरी बना रही है, क्योंकि उसे आधुनिक माहौल, सुरक्षा और भविष्य की संभावनाएं नजर नहीं आतीं।
उन्होंने कहा कि ज्वैलरी पार्क बनने से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेश के रास्ते खुलेंगे। एक ही परिसर में आधुनिक मशीनरी, डिजाइनिंग सेंटर और निर्यात संबंधी सुविधाएं मिलने से कारोबार को नई दिशा मिल सकती है।
कारीगरों को स्वास्थ्य बीमा और आर्थिक सुरक्षा की जरूरत
विजयआनन्द अग्रवाल ने कहा कि ज्वैलरी कारोबार की मजबूती के लिए व्यापारियों के साथ हजारों कारीगरों को भी आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। कारीगरों को स्वास्थ्य बीमा, सामाजिक सुरक्षा और वर्किंग कैपिटल जैसी सुविधाएं मिलनी चाहिए। इससे उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और वे अपने हुनर को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकेंगे।
एसोसिएशन अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि मेरठ का सर्राफा बाजार उत्तर भारत के प्रमुख बाजारों में शामिल है। ज्वैलरी पार्क की मांग अब व्यापक स्तर पर उठ रही है। इसके बनने से हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और आभूषणों के निर्यात को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम में रवि प्रकाश अग्रवाल, शम्मी सपरा, संदीप अग्रवाल, मनोज गर्ग, अनिल शारदा, अमित अग्रवाल, मुकुल जैन, अरुण अग्रवाल, मनोज वर्मा, पदम प्रसाद सर्राफ, सिद्धांत अग्रवाल, दीपक वर्मा, अनुराग अग्रवाल, सतीश पठानिया और विशाल रस्तौगी समेत 150 से अधिक कारोबारी मौजूद रहे। अंत में महामंत्री विजयआनन्द अग्रवाल ने सभी अतिथियों और व्यापारियों का आभार जताया।


No comments:
Post a Comment