अब AI बताएगा खिलाड़ी की ताकत और कमजोरी, खेलों में तकनीक की नई क्रांति लाएगा मेरठ का MDSU
खेलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लागू करने वाला देश का पहला खेल विश्वविद्यालय बना MDSU, रुहिल फ्यूचर टेक्नोलॉजीज के साथ किया बड़ा करार
मेरठ, 20 नवंबर। अब खेल के मैदान में सिर्फ पसीना और अभ्यास ही नहीं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) भी खिलाड़ियों की कामयाबी की नई इबारत लिखेगा। खिलाड़ी की हर गतिविधि, प्रदर्शन, तकनीक और चोट के जोखिम का आकलन आधुनिक तकनीक से किया जाएगा। मेरठ स्थित मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी (MDSU) ने खेलों को AI से जोड़ने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए रुहिल फ्यूचर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड (RFT) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। विश्वविद्यालय के अनुसार, खेलों में AI के समावेश की पहल करने वाला यह देश का पहला खेल विश्वविद्यालय बन गया है।
खिलाड़ियों की प्रतिभा से ट्रेनिंग तक बदलेगा अंदाज
इस समझौते का उद्देश्य खेल शिक्षा और प्रशिक्षण को वैज्ञानिक तथा तकनीकी आधार देना है। AI की मदद से खिलाड़ियों की प्रतिभा पहचानने, उनकी खेल तकनीक का विश्लेषण करने और प्रदर्शन में सुधार के लिए विशेष प्रशिक्षण रणनीति तैयार करने पर काम होगा। वीडियो एनालिसिस, बायोमैकेनिकल मूल्यांकन, खिलाड़ियों की गतिविधियों की निगरानी, प्रशिक्षण के दबाव, चोट के जोखिम और रिकवरी प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
कुलपति बोले, खेलों का भविष्य तकनीक और विज्ञान के साथ
कुलपति एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित मेजर जनरल दीप अहलावत, VSM (सेवानिवृत्त) ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधुनिक खेलों में क्रांतिकारी बदलाव लाने की क्षमता रखता है। इससे खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से विश्लेषण करने के साथ उनकी कमजोरियों और सुधार की संभावनाओं को भी समझा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि खेल विज्ञान, आधुनिक तकनीक और व्यावहारिक प्रशिक्षण का समन्वय भविष्य के खिलाड़ियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मददगार होगा।
AI लैब और इनोवेशन सेंटर बनाने की तैयारी
एमओयू के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रशिक्षकों के लिए AI कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय में AI प्रयोगशाला और इनोवेशन सेंटर स्थापित करने की संभावनाओं पर काम होगा। इससे विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को खेल विज्ञान तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में नए प्रयोग और अनुसंधान करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर कुलसचिव सुनील कुमार झा, रुहिल फ्यूचर टेक्नोलॉजीज की निदेशक बाला देवी रुहिल, AI प्रोजेक्ट मैनेजर सुमित दलाल, शृजा सिंह और हर्षित वर्मा मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment