आईपीएल का टिकट चाहिए तो पहले रणजी की परीक्षा पास करनी होगी, युवा क्रिकेटरों पर BCCI ने कसा शिकंजा
अंडर-16 और अंडर-19 खिलाड़ियों के लिए प्रथम श्रेणी मैच का अनुभव अनिवार्य, घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन से तय होगी दावेदारी
मेरठ। आईपीएल की चमकदार दुनिया में सीधे कदम रखने का सपना देख रहे युवा क्रिकेटरों को अब पहले घरेलू क्रिकेट की कसौटी पर खरा उतरना होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल नीलामी के पात्रता नियमों में बदलाव करते हुए अंडर-16 और अंडर-19 खिलाड़ियों के लिए कम से कम एक प्रथम श्रेणी मैच खेलना अनिवार्य कर दिया है। बोर्ड के इस कदम का मकसद युवा प्रतिभाओं को सीधे फ्रेंचाइजी क्रिकेट में पहुंचने के बजाय पहले पारंपरिक क्रिकेट का अनुभव दिलाना है।
रणजी ट्रॉफी का अनुभव बनेगा अहम
नए प्रावधान के तहत युवा खिलाड़ियों को आईपीएल में खेलने की पात्रता हासिल करने से पहले प्रथम श्रेणी क्रिकेट का अनुभव लेना होगा। रणजी ट्रॉफी जैसी प्रतियोगिताएं इसके लिए अहम होंगी। इसके अलावा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और अंडर-23 जैसी घरेलू प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी नजर रहेगी।
रेड बॉल क्रिकेट को मजबूत करने की तैयारी
बीसीसीआई के इस बदलाव के पीछे घरेलू रेड बॉल क्रिकेट को मजबूती देना प्रमुख उद्देश्य है। बोर्ड चाहता है कि युवा खिलाड़ी टी-20 के बड़े मंच पर पहुंचने से पहले तकनीक, धैर्य, अनुशासन और मानसिक मजबूती विकसित करें। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में लंबे समय तक बल्लेबाजी और लगातार दबाव झेलने की चुनौती खिलाड़ियों को परिपक्व बनाती है।
भुवी और समीर आईपीएल में फिर दिखाएंगे दम
मेरठ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए आईपीएल से जुड़ी एक और बड़ी खबर है। शहर के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और युवा बल्लेबाज समीर रिजवी दिल्ली कैपिटल्स के साथ लगातार तीसरा सीजन खेलेंगे। भुवनेश्वर को बेंगलुरु ने नवंबर 2024 की नीलामी में 10.75 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था। उन्होंने 2025 में 17 और 2026 में 28 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं समीर रिजवी को चेन्नई से अलग होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने 95 लाख रुपये में टीम में शामिल किया था।
विनीत, विजय और प्रियम पर भी नजर
मेरठ के अन्य क्रिकेटरों के लिए भी आईपीएल में जगह बनाने की उम्मीदें कायम हैं। भुवनेश्वर के शुरुआती कोच संजय रस्तोगी और समीर रिजवी के कोच तनकीब अख्तर के मुताबिक, तेज गेंदबाज विनीत पंवार, विजय कुमार और बल्लेबाज प्रियम गर्ग जैसे खिलाड़ी भी आगामी नीलामी के संभावित दावेदार हो सकते हैं।
हालांकि, इन खिलाड़ियों को मौजूदा घरेलू सत्र में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी में बेहतर प्रदर्शन कर अपनी दावेदारी मजबूत करनी होगी। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उनके नाम फ्रेंचाइजी तक पहुंचेंगे और टीमों की पसंद के अनुसार नीलामी सूची में जगह मिल सकेगी।


No comments:
Post a Comment