गन्ना किसानों की तौल में गड़बड़ी पर रहेगी पैनी नजर, उप गन्ना आयुक्त ने पांच स्थानों पर मारा छापा
मलकपुर से रमाला तक चीनी मिलों के कांटों की कराई जांच, सभी जगह सही मिली तौल; किसान सुविधाओं और निर्माण कार्यों की भी परखी हकीकत
मेरठ, 20 नवंबर। पेराई सत्र शुरू होते ही गन्ना विभाग किसानों के हितों को लेकर एक्शन मोड में आ गया है। गन्ने की तौल में गड़बड़ी और आपूर्ति के दौरान किसानों को होने वाली परेशानियों पर अंकुश लगाने के लिए उप गन्ना आयुक्त यशपाल सिंह ने बागपत की चीनी मिलों और गन्ना समिति कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। पांच स्थानों पर पहुंचकर उन्होंने कांटों की मानक बाटों से जांच कराई। निरीक्षण में सभी जगह तौल सही मिली। इस दौरान उन्होंने मिल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों की सुविधाओं और गन्ने की पारदर्शी तौल में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मानक बाटों से परखी तौल की सच्चाई
निरीक्षण के दौरान उप गन्ना आयुक्त सबसे पहले मोदी समूह की मलकपुर चीनी मिल पहुंचे। यहां मिल गेट पर स्थापित कांटे की 5, 10 और 15 कुंतल के मानक बाटों से क्रॉस जांच कराई गई। तौल सही मिलने पर उन्होंने संतोष जताया। मिल परिसर में केन हार्वेस्टर का निरीक्षण करने के साथ किसान शेड की व्यवस्थाएं भी देखीं। उन्होंने मिल प्रशासन को किसानों के बैठने और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा गन्ने की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किसानों से साफ-सुथरा और ताजा गन्ना लाने की अपील भी की।
गन्ना समिति के निर्माण कार्यों की भी जांच
इसके बाद उप गन्ना आयुक्त ने सहकारी गन्ना विकास समिति मलकपुर में निर्माणाधीन आवास, पहुंच मार्ग और बाउंड्रीवाल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और निर्धारित समयसीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्माण में तय मानकों का कड़ाई से पालन होना चाहिए।
बागपत चीनी मिल में भी सही मिली तौल
उप गन्ना आयुक्त ने सहकारी चीनी मिल बागपत के मिल गेट पर कांटे की जांच कराई। यहां भी तौल सही पाई गई। इसके बाद उन्होंने मिल परिसर का भ्रमण कर पेराई सत्र के संचालन, यार्ड और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। मिल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा करते हुए उन्होंने पेराई कार्य सुचारु रखने तथा विभागीय समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
रमाला में ट्रॉली की तौल दोबारा जांची
निरीक्षण के अगले चरण में वह सहकारी चीनी मिल रमाला पहुंचे। यहां गन्ने से भरी ट्रॉली की तौल मानक बाटों से दोबारा जांची गई, जिसमें वजन सही मिला। उन्होंने मिल गेट और यार्ड में साफ-सफाई बनाए रखने, ढुलाई वाहनों की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा किसानों को गन्ना आपूर्ति के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए।
साफ और ताजा गन्ना लाने की अपील
उप गन्ना आयुक्त यशपाल सिंह ने बागपत और रमाला चीनी मिलों के यार्ड में ढुलाई वाहनों की जांच भी की। उन्होंने किसानों से साफ एवं ताजा गन्ना आपूर्ति करने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों और मिल प्रबंधन को निर्देशित किया कि तौल, परिवहन, गन्ना आपूर्ति और किसान सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों के हितों की रक्षा, उनकी उपज की सही तौल और निर्बाध आपूर्ति विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मलकपुर चीनी मिल के वाइस प्रेसिडेंट विपिन कुमार, गन्ना प्रबंधक केपी सिंह, बागपत चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक प्रदीप तेवतिया, मुख्य गन्ना अधिकारी अंकित कुमार, समिति एवं विभागीय अधिकारी सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।



No comments:
Post a Comment