गंगा की रेती पर बसा आस्था का शहर, दीपों की रोशनी से जगमगाया मखदूमपुर घाट
राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने फीता काटकर किया पांच दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेले का शुभारंभ, गंगा पूजन और आरती के साथ गूंजे जयकारे
मेरठ। गंगा की रेती पर तंबुओं का शहर बस गया है। कहीं रंग-बिरंगी दुकानों की कतारें हैं तो कहीं झूलों की मस्ती और कहीं गंगा की लहरों पर तैरते दीपों की अलौकिक छटा। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-यज्ञ और मां गंगा के जयकारों के बीच शुक्रवार को हस्तिनापुर के मखदूमपुर गंगा घाट पर पांच दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदेश के राज्यमंत्री दिनेश खटीक समेत जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। गंगा पूजन, दुग्धाभिषेक और आरती के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा में दीप प्रवाहित किए तो पूरा घाट रोशनी से जगमगा उठा।
मंत्रोच्चार और आहुतियों से हुआ आगाज
मेले के शुभारंभ पर सबसे पहले गंगा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। अतिथियों और श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां देकर मेले के सफल आयोजन और जनकल्याण की कामना की। इसके बाद विधि-विधान से मां गंगा का पूजन और दुग्धाभिषेक किया गया। गंगा आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आरती के बाद श्रद्धालुओं ने नदी में दीप प्रवाहित किए। गंगा की जलधारा पर झिलमिलाते दीपों का नजारा देखते ही बन रहा था।
जनप्रतिनिधियों ने किया मेले का उद्घाटन
राज्यमंत्री दिनेश खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक गौरव चौधरी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष विमल शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष शिवकुमार राणा और ब्लॉक प्रमुख नितिन पोसवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। सभी अतिथियों ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर मां गंगा की आरती की और श्रद्धालुओं की सुख-समृद्धि की कामना की।
पांच दिन तक गंगा की रेती पर दिखेगा उत्सव का रंग
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल मखदूमपुर गंगा मेले में पांच दिनों तक आस्था, परंपरा और ग्रामीण संस्कृति का संगम देखने को मिलेगा। मेरठ के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना करेंगे।
गंगा की रेती पर अस्थायी बाजार सज चुका है। दुकानों पर खरीदारी की रौनक है तो बच्चों के लिए लगाए गए झूले और मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मेले के शुभारंभ के साथ ही दुकानदारों और श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है। तंबुओं के इस शहर में धार्मिक उत्साह के साथ मेले की रौनक भी अपने रंग में नजर आने लगी है।
मुख्य स्नान के लिए सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर
कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने घाट पर सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाएं की हैं। पांच दिवसीय मेले के आगाज के साथ ही मखदूमपुर गंगा घाट पर आस्था, भक्ति और उल्लास का उत्सव शुरू हो गया है।


No comments:
Post a Comment