जन्मदिन को बनाया जीवनदान का अवसर, पंकज चौधरी के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान
सोमेंद्र तोमर की पहल पर मेडिकल कॉलेज में लगा शिविर, रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
मेरठ। जन्मदिन पर जश्न और बधाइयों से आगे बढ़कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा और मानवता की मिसाल पेश की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेश के मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर की ओर से लाला लाजपत राय स्मारक (एलएलआरएम) मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इसमें पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद का संकल्प लिया।
शिविर का मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने निरीक्षण किया और रक्तदान करने वाले कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। हमारा दिया हुआ रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने का जरिया बन सकता है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी या ऑपरेशन के दौरान मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना बेहद जरूरी होता है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया रक्तदाताओं का उत्साह
शिविर के समापन पर रक्तदान करने वाले सभी लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों और भाजपा पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की।
इस मौके पर महापौर हरिकांत अहलूवालिया, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. आरसी गुप्ता, उमेश पटेल, डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक, डॉ. अजीत चौधरी, डॉ. प्रिया गुप्ता, डॉ. बृजेश त्यागी, मंडल अध्यक्ष ललित मोरल, नरेश विश्वकर्मा, पार्षद रामपाल यादव और रविंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment