पानी का छिड़काव भी बेअसर, स्मॉग ने मेरठ को घेरा, आंखों में जलन और सांस की तकलीफ से बढ़े मरीज

हवा की धीमी रफ्तार और नमी ने बढ़ाई परेशानी, अस्पतालों की ओपीडी में पहुंच रहे सांस के मरीज

मेरठ। शहर में लगातार बढ़ता वायु प्रदूषण अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। जहरीली हवा और स्मॉग के चलते आंखों में जलन, गले में खराश, जकड़न और सांस लेने में परेशानी की शिकायतें बढ़ रही हैं। अस्थमा और सांस की पुरानी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों की ओपीडी में प्रदूषण से प्रभावित मरीज पहुंच रहे हैं। हालात यह हैं कि पानी के छिड़काव के बावजूद प्रदूषण के स्तर में खास कमी नहीं आ रही है।

सोमवार सुबह शहर के कई इलाकों में स्मॉग की घनी चादर छाई रही। बीती रात हुई हल्की बारिश भी प्रदूषण से राहत नहीं दिला सकी। हवा की रफ्तार कम होने के कारण वातावरण में प्रदूषक तत्व जमा रहे। वहीं, नमी बढ़ने से धुंध और प्रदूषण के कण मिलकर स्मॉग की स्थिति बनाते रहे। इसके चलते सुबह और शाम के समय लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

शताब्दीनगर और एमआईटी क्षेत्र में प्रदूषण सबसे ज्यादा

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक रविवार को मेरठ का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 217 दर्ज किया गया। शहर के अलग-अलग निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर भी काफी अलग रहा। गंगानगर में एक्यूआई 237, जयभीम नगर में 141, एमआईटी कॉलेज में 239, पल्लवपुरम में 183 और सेक्टर-4सी शताब्दीनगर में 246 रिकॉर्ड किया गया। शताब्दीनगर और एमआईटी क्षेत्र की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही।

फेफड़ों तक पहुंच रहे प्रदूषण के बारीक कण

छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. विरोत्तम तोमर के अनुसार प्रदूषण के मौसम में अस्थमा और सांस के पुराने मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के बारीक कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंचकर सांस की नलियों में जलन और एलर्जी पैदा कर सकते हैं। इससे सांस लेने में दिक्कत बढ़ जाती है। बच्चों और बुजुर्गों पर भी प्रदूषित हवा का अधिक असर पड़ सकता है।

डॉक्टरों की सलाह, एन-95 मास्क लगाकर ही निकलें बाहर

डॉ. तोमर ने सलाह दी कि प्रदूषण का स्तर कम होने तक लोग सुबह की सैर और खुले स्थानों पर व्यायाम करने से बचें। विशेष रूप से अस्थमा और सांस के मरीज जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। बाहर जाते समय सामान्य कपड़े के मास्क के बजाय एन-95 मास्क का इस्तेमाल करें। आंखों में जलन, लगातार खांसी या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय परामर्श लें। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts