संघ की नई सांगठनिक रचना में मेरठ को मिला संभाग का दर्जा, शंकर आश्रम बनेगा मुख्य केंद्र
प्रांत व्यवस्था खत्म, अब संभाग के जरिए होगा संगठन का संचालन; मेरठ और सहारनपुर मंडल के जिले होंगे शामिल, नई कार्यकारिणी घोषित
मेरठ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने अपनी सांगठनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए प्रांत व्यवस्था समाप्त कर संभाग व्यवस्था लागू कर दी है। संघ के सौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर संगठनात्मक कार्यों के विस्तार और संचालन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए यह नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत मेरठ अब प्रांत के बजाय संभाग के रूप में कार्य करेगा। मेरठ संभाग में मेरठ और सहारनपुर मंडल के जिले शामिल होंगे। संभाग का कार्यालय शंकर आश्रम मेरठ में बनाया गया है।
रविवार को बरेली में हुई संघ की बैठक में नई सांगठनिक रचना के तहत पदाधिकारियों और कार्यकारिणी की घोषणा की गई। उत्तर प्रदेश में अब छह प्रांतों के स्थान पर 10 संभाग बनाए गए हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र में भी तीन प्रांतों की जगह पांच संभागों के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
मेरठ संभाग में इन्हें मिली जिम्मेदारी
नई व्यवस्था के तहत मेरठ संभाग की जिम्मेदारियां भी निर्धारित कर दी गई हैं। गाजियाबाद के कैलाश को संभाग संघचालक और गौतमबुद्धनगर के राजेश को संभाग कार्यवाह बनाया गया है। मेरठ के अशोक को सह संभाग संघचालक तथा गाजियाबाद के अखिलेश चौधरी को संभाग प्रचार प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है। मेरठ के निपुण संभाग संपर्क प्रमुख बनाए गए हैं।
इसी प्रकार प्रचारक कुलदीप को संभाग सेवा प्रमुख, प्रचारक कृष्ण कुमार को संभाग बौद्धिक प्रमुख और प्रचारक धर्मेंद्र को संभाग शारीरिक प्रमुख बनाया गया है। गाजियाबाद के पवन संभाग व्यवस्था प्रमुख की जिम्मेदारी संभालेंगे। नई कार्यकारिणी में अधिकांश ऐसे पदाधिकारी हैं, जो पहले मेरठ प्रांत की कार्यकारिणी में भी जिम्मेदारी निभा रहे थे। हालांकि, संभाग प्रचारक के नाम की घोषणा अभी नहीं हुई है।
सुरेंद्र सिंह को बरेली संभाग में जिम्मेदारी
मेरठ प्रांत के प्रचार प्रमुख रहे सुरेंद्र सिंह को नई व्यवस्था में बरेली संभाग में जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें वहां कुटुंब प्रबोधन इकाई का संभाग प्रमुख बनाया गया है। इस इकाई का कार्यालय बिजनौर में रहेगा। कुटुंब प्रबोधन इकाई परिवारों के बीच संपर्क और संवाद स्थापित कर पारिवारिक मूल्यों, संस्कारों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए कार्य करती है।
पश्चिमी यूपी में अब पांच संभाग
अब तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र में मेरठ, उत्तराखंड और ब्रज तीन प्रांतों के माध्यम से संघ का काम संचालित होता था। नई रचना में इन्हें पांच संभागों में विभाजित किया गया है। ब्रज संभाग में आगरा और अलीगढ़ मंडल शामिल होंगे, जबकि बरेली संभाग में बरेली और मुरादाबाद मंडल के जिले रखे गए हैं। मेरठ संभाग में मेरठ और सहारनपुर मंडल शामिल होंगे।
उत्तराखंड में कुमायूं और गढ़वाल दो संभाग बनाए गए हैं। इस तरह पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र में पांच संभाग संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन करेंगे।
छह प्रांतों की जगह अब 10 संभाग
संघ की पुरानी व्यवस्था में उत्तर प्रदेश में मेरठ, ब्रज, अवध, काशी, कानपुर और गोरक्ष सहित छह प्रांत थे। नई सांगठनिक रचना के तहत प्रदेश में अब 10 संभाग बनाए गए हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पांच संभागों के अलावा लखनऊ, कानपुर, झांसी, प्रयागराज, अयोध्या, काशी और गोरखपुर संभाग के नाम भी नई व्यवस्था में शामिल हैं।
नई व्यवस्था के लागू होने से संघ के संगठनात्मक संचालन में क्षेत्रीय स्तर पर बदलाव आएगा। मेरठ के लिए संभाग का दर्जा मिलने के साथ ही शंकर आश्रम संगठन की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहेगा।


No comments:
Post a Comment