तीन मंजिला मकान में चल रहे नमकीन कारखाने में लगी भीषण आग, परिवार और कर्मचारियों में मची भगदड़

संकरी गली बनी दमकल के लिए चुनौती, छोटी गाड़ियों से डेढ़ घंटे में पाया आग पर काबू; भट्टी से आग फैलने की आशंका

मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के शिव शक्ति नगर में सोमवार दोपहर नमकीन बनाने के कारखाने में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। तीन मंजिला मकान में संचालित कारखाने में आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। मकान में धुआं भरने से परिवार के सदस्यों और कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए सभी लोग किसी तरह बाहर की ओर भागे। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से कारखाने में काफी नुकसान हुआ है।

मकान की पहली और दूसरी मंजिल पर बनती थी नमकीन

जानकारी के अनुसार, शिव शक्ति नगर निवासी शनि जैन पुत्र मोहन जैन के तीन मंजिला मकान में नमकीन बनाने का कारखाना संचालित है। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर परिवार रहता है, जबकि पहली और दूसरी मंजिल पर नमकीन बनाने का काम होता है। सोमवार दोपहर कर्मचारी रोजाना की तरह कारखाने में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के हिस्सों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। धुआं पूरे मकान में फैल गया। आग की लपटें और धुआं देखकर परिवार के सदस्यों तथा कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। सभी ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

संकरी गली में फंसी दमकल, छोटी गाड़ियों से बुझाई आग

आग की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग ने तीन गाड़ियां भेजीं, लेकिन घटनास्थल तक जाने वाली गली संकरी होने के कारण बड़ी गाड़ियां कारखाने तक नहीं पहुंच सकीं। इसके बाद छोटी दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद भी मकान और कारखाने में काफी देर तक धुआं भरा रहा।

भट्टी से आग फैलने की आशंका, जांच में जुटा दमकल विभाग

सीएफओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। संकरी गली के कारण छोटी गाड़ियों से आग बुझाई गई। करीब डेढ़ घंटे में आग पर नियंत्रण पा लिया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन कारखाना मालिक को काफी नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। भट्टी से आग फैलने की आशंका जताई जा रही है। आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts