होटल में दो दिन बंधक रही युवती, चाकू की नोक पर शादी का दबाव
शोर मचाने पर लोगों ने बचाया, आरोपी छत से कूदकर फरार; होटल कर्मचारियों की भूमिका पर भी उठे सवाल
मेरठ। आबूलेन स्थित एक होटल में गाजियाबाद निवासी युवती को दो दिन तक बंधक बनाकर रखने और चाकू की नोक पर शादी का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। मंगलवार को युवती के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने उसे बचाया। आरोप है कि आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की और दोबारा होटल में खींचने का प्रयास किया। भीड़ बढ़ने पर आरोपी छत से कूदकर फरार हो गया। वहीं, होटल कर्मचारियों पर भी आरोपी का बचाव करने का आरोप लगा है।
पुलिस के अनुसार, करीब एक साल पहले युवती की मुलाकात कंकरखेड़ा निवासी सलमान से हुई थी। दोनों एक निजी कंपनी में काम करते थे। कुछ महीने पहले युवती की शादी तय होने के बाद उसने नौकरी छोड़ दी और आरोपी से मिलना-जुलना बंद कर दिया। आरोप है कि दो दिन पहले सलमान ने युवती को बहाने से बुलाकर आबूलेन स्थित स्क्वायर होटल में बंधक बना लिया और शादी का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
मंगलवार दोपहर किसी तरह युवती होटल से बाहर निकली तो आरोपी ने उसके बाल पकड़कर दोबारा अंदर खींचने का प्रयास किया। शोर सुनकर लोग एकत्र हो गए। कुछ लोगों ने युवती को बचाने के लिए होटल में प्रवेश करना चाहा, लेकिन आरोप है कि कर्मचारियों ने उनका विरोध किया। भीड़ बढ़ने पर आरोपी छत से कूदकर फरार हो गया।
सूचना पर पुलिस युवती को सदर बाजार थाने ले गई। घटना आबूलेन चौकी के पास होने के बावजूद चौकी प्रभारी के तत्काल मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। उधर, हिंदू महासभा के पदाधिकारी सचिन सिरोही ने होटल में बिना आईडी कमरा देने का आरोप लगाते हुए होटल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


No comments:
Post a Comment