मेरठ में 2,913 करोड़ से बनेगी एल्युमीनियम कैन फैक्टरी

मुख्यमंत्री योगी आज करेंगे परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास, करीब 300 रोजगार के अवसर होंगे सृजित

मेरठ/लखनऊ। मेरठ को औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। वैश्विक कंपनी बाल कॉरपोरेशन मेरठ में 2,913 करोड़ रुपये का निवेश कर एल्युमीनियम बेवरेज कैन बनाने की फैक्टरी स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार, 25 नवंबर को परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। यह इकाई मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (आईएमएलसी) में स्थापित होगी।

इस परियोजना से करीब 298 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इसके अलावा स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं, परिवहन कंपनियों, लॉजिस्टिक्स ऑपरेटरों और सहायक उद्योगों को भी कारोबार के नए अवसर मिलेंगे।

फैक्टरी की रणनीतिक लोकेशन से कंपनी को उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के बड़े बाजारों तक आसान पहुंच मिलेगी। इससे परिवहन लागत कम होने और आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होने की संभावना है। प्रदेश की 25 करोड़ से अधिक आबादी के साथ सॉफ्ट ड्रिंक, जूस और एनर्जी ड्रिंक जैसे पैकेज्ड पेय पदार्थों की बढ़ती मांग इस निवेश को महत्वपूर्ण बना रही है।

बाल कॉरपोरेशन की इस परियोजना को उत्तर प्रदेश की एफडीआई, एफसीआई एवं फॉर्च्यून ग्लोबल-500 और फॉर्च्यून इंडिया-500 कंपनियों की निवेश प्रोत्साहन नीति-2023 के तहत सुविधाएं दी जा रही हैं। इस निवेश से मेरठ के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts