बैंक की व्यस्त दिनचर्या से निकले सुर-ताल, पीएनबी कर्मियों ने मंच पर दिखाई प्रतिभा

‘ताल-तरंग’ में 100 से अधिक बैंककर्मियों ने गायन, नृत्य और नाटक से बांधा समां, विजेता अंतर जोनल प्रतियोगिता में करेंगे मेरठ का प्रतिनिधित्व

मेरठ। बैंकिंग की व्यस्त दिनचर्या और कामकाज के तनाव के बीच जब बैंककर्मियों को कला का मंच मिला तो सुर, ताल और अभिनय के रंग बिखर उठे। पंजाब नेशनल बैंक के मेरठ अंचल कार्यालय की ओर से गुरुवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सभागार में भव्य सांस्कृतिक संध्या ‘ताल-तरंग’ का आयोजन किया गया। इसमें मेरठ समेत पांच मंडलों के 100 से अधिक बैंककर्मियों ने गायन, नृत्य और नाटक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अंचल महाप्रबंधक अजय टिबड़ेबाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘A Celebration of Balance: Mind, Body & Spirit’ यानी मन, तन और आत्मिक चेतना के संतुलन पर आधारित रही।

प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देना उद्देश्य

अंचल महाप्रबंधक अजय टिबड़ेबाल ने कहा कि बैंक कर्मचारियों में भी अनेक प्रतिभाएं छिपी होती हैं। ‘ताल-तरंग’ जैसे आयोजन उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि बैंककर्मियों की व्यस्त दिनचर्या में मानसिक और शारीरिक संतुलन बेहद जरूरी है। सांस्कृतिक गतिविधियां तनाव कम करने के साथ कार्यक्षमता बढ़ाने में भी सहायक होती हैं।



पांच मंडलों के कर्मचारियों ने लिया हिस्सा

सांस्कृतिक प्रतियोगिता में मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर और मुरादाबाद मंडलों के चयनित 100 से अधिक कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में ऋचा शर्मा शामिल रहीं।

अंतर जोनल प्रतियोगिता में चमकेंगे विजेता

अंचल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को अब अंतर जोनल स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। वे वहां मेरठ अंचल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

महाप्रबंधक ने कहा कि जिस तरह पीएनबी के खिलाड़ी भारतीय हॉकी टीम के माध्यम से ओलंपिक में देश का गौरव बढ़ा रहे हैं, उसी तरह बैंक के सांस्कृतिक प्रतिभाशाली कर्मचारियों को भी राष्ट्रीय और अंतर बैंक स्तर पर पहचान दिलाना संस्थान का लक्ष्य है।

कार्यक्रम में उप-अंचल प्रबंधक प्रफुल्ल कुमार द्वारी, भुवन द्विवेदी, विभिन्न मंडलों के मंडल प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को उत्साह और उल्लास से भर दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts