के एल  इंटरनेशनल स्कूल में प्रतिभाओं का सम्मान, विवान अग्रवाल को एक लाख का पुरस्कार

‘Effervescence 2025-26’ में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, बोर्ड परीक्षा से लेकर IIT-JEE, खेल और नवाचार में चमके छात्र

 मेरठ । के एल  इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह ‘Effervescence 2025-26’ हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता, खेल, नवाचार, रचनात्मकता और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति रहे। विद्यालय के वाइस चेयरमैन तेजेंद्र खुराना, डायरेक्टर मनमीत खुराना, हरनीत खुराना और प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। दीप प्रज्ज्वलन, समूहगान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ।

99.6 प्रतिशत अंक लाने वाले विवान को एक लाख का पुरस्कार

समारोह का प्रमुख आकर्षण सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान रहा। कक्षा दसवीं में विवान अग्रवाल ने 99.6 प्रतिशत अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक-2, जिला टॉपर और विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। दिशा गोयल (98.8 प्रतिशत) को 11 हजार रुपये तथा आस्था गोयल और लक्ष्य अरोड़ा (98.6 प्रतिशत) को पांच-पांच हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।

तीनों संकायों के टॉपर्स को मिला सम्मान

कक्षा 12वीं के ह्यूमैनिटीज वर्ग में आद्या त्यागी ने 99.4 प्रतिशत अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक-4 और जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। उन्हें 31 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। रेवा जायसवाल (98.8 प्रतिशत) को 11 हजार और धैर्य चहल (97.4 प्रतिशत) को 5100 रुपये प्रदान किए गए।

विज्ञान वर्ग में अंश सिंघल ने 98.6 प्रतिशत अंक के साथ जिला टॉप किया। उन्हें 21 हजार रुपये मिले, जबकि रिदम त्यागी (98 प्रतिशत) को 11 हजार रुपये से सम्मानित किया गया।

कॉमर्स वर्ग में फेयरी पृथ्वी ने 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर 21 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। सोनल अग्रवाल (96.6 प्रतिशत) को 11 हजार तथा आकृति शर्मा और अनुष्का शर्मा (96.2 प्रतिशत) को पांच-पांच हजार रुपये दिए गए। इसके अलावा कक्षा 12वीं में विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत अंक हासिल करने वाले 138 विद्यार्थियों को प्रति विषय 2100 रुपये देकर सम्मानित किया गया।

IIT और मेडिकल संस्थानों में प्रवेश पाने वालों का सम्मान

प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी मंच पर सम्मानित किया गया। विज्ञान वर्ग में तीसरा स्थान और जेईई मेन में जिला टॉपर रहे शिवाशीष चौहान को 21 हजार रुपये दिए गए।

आईआईटी रुड़की में प्रवेश पाने वाले अंश सिंघल और रिद्धि भाटिया, आईआईटी मंडी में प्रवेश पाने वाले सार्थक बघेल तथा एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में प्रवेश पाने वाले संचय कश्यप को सम्मानित किया गया। संचय कश्यप ने 99.58 पर्सेंटाइल हासिल किया। एएसएमसी शाहजहांपुर में प्रवेश पाने वाले उत्कर्ष सिंह को भी सम्मान मिला।

क्लैट-2026 में शानदार रैंक हासिल करने वाली रेवा जायसवाल (रैंक 331), ओम दुबे (रैंक 3838) और धैर्य चहल (रैंक 5823) को 11-11 हजार रुपये दिए गए। चाइनीज यूनिवर्सिटी ऑफ हांगकांग में प्रवेश पाने वाले शौर्य सिंह को भी पुरस्कृत किया गया।

सीए बनने वाले पूर्व विद्यार्थियों को भी सराहना

चार्टर्ड अकाउंटेंसी की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों सीए सिमरन गर्ग, सीए युक्ति छाबड़ा, सीए मालविका शर्मा, सीए रिती गर्ग, सीए अनमोल सिंघल, सीए अक्षय गुप्ता, सीए हर्षित कपूर, सीए रोहित गुप्ता और सीए स्पर्श सिंघल को 11-11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

खेल और नवाचार में भी विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

खेल प्रतियोगिताओं में सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 क्लस्टर ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली प्रेरणा ग्रोवर और 12वीं यूपी स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप-2026 में तीन कांस्य पदक जीतने वाली लायशा भूटानी को 5100-5100 रुपये दिए गए।

नवाचार के क्षेत्र में स्मार्ट वैक्सीन कूलिंग सिस्टम ‘वैक्सी-कूल’ विकसित करने वाले अर्णव भारद्वाज और विराट सिंह को 2100-2100 रुपये मिले। वहीं, स्मार्ट फार्मिंग प्रोजेक्ट ‘फील्ड बॉट’ तैयार करने वाले अभिराज माहेश्वरी और नैतिक कुमार को भी पुरस्कृत किया गया।

स्कूल यूथ आइडियाथॉन-2025 में उपलब्धि हासिल करने वाले सार्थक त्यागी और रिशिता जायसवाल को भी 2100-2100 रुपये दिए गए। द ट्विन्स कॉमनवेल्थ राइटिंग प्रतियोगिता-2026 में कांस्य पदक जीतने वाली दिया अदलखा और 'It Knows' पुस्तक की लेखिका रूपाशी विजय को भी सम्मानित किया गया।

मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, सदन प्रतियोगिताओं में प्रयास हाउस अव्वल

कक्षा 11वीं में प्रवेश लेने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देकर प्रोत्साहित किया गया। अदिति श्री राव को 35 हजार रुपये, जबकि वत्सल अग्रवाल, कृतज्ञा नागर और नायसा को 30-30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। कक्षा एक से नौ और कक्षा 11वीं के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए विद्यार्थियों और शिक्षकों को विशेष पुरस्कार दिए गए।

चारों सदनों के बीच आयोजित प्रतियोगिताओं में प्राइमरी विंग में प्रयास हाउस, मिडिल विंग में प्रगति हाउस और सीनियर विंग में प्रयास हाउस ने कॉक हाउस ट्रॉफी अपने नाम की।

एसएसपी ने दिया अनुशासन और मेहनत का संदेश

मुख्य अतिथि एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन, ईमानदारी, परिश्रम और दृढ़ संकल्प सफलता की बुनियाद हैं। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए।

प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने कहा कि ‘Effervescence 2025-26’ केवल पुरस्कार वितरण समारोह नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, मेहनत, नवाचार और दृढ़ संकल्प का सम्मान है। कार्यक्रम का समापन स्मृति चिह्न वितरण और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts