मेडिकल प्रदर्शनी में दिखी चिकित्सा विज्ञान की दुनिया, फार्माकोलॉजी विभाग रहा अव्वल
सबहेड : स्टिम्युलस-2026 के तीसरे दिन मेडिकल एग्जिबिशन और फेट का आयोजन, स्कूली विद्यार्थियों ने भी देखे चिकित्सा विज्ञान के मॉडल
मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज में आयोजित स्टिम्युलस-2026 के तीसरे दिन मेडिकल एग्जिबिशन और फेट का आयोजन किया गया। मेडिकल प्रदर्शनी में चिकित्सा विज्ञान के विभिन्न पहलुओं को आकर्षक मॉडल और प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
प्रदर्शनी में एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, फार्माकोलॉजी, पैथोलॉजी, मेडिसिन, सर्जरी, ऑब्स्टेट्रिक्स एवं गायनेकोलॉजी, पीडियाट्रिक्स और साइकियाट्री समेत विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, बाले राम बृज भूषण सरस्वती शिशु मंदिर और दीवान पब्लिक स्कूल के कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विद्यार्थियों को चिकित्सा और जैविक विज्ञान की बारीकियों को करीब से समझने का मौका मिला। साथ ही चिकित्सा के क्षेत्र में भविष्य बनाने के लिए भी प्रेरणा मिली।
फार्माकोलॉजी विभाग ने मारी बाजी
मेडिकल एग्जिबिशन में विभागों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन डॉ. अजीत चौधरी, डॉ. प्रेम प्रकाश और डॉ. यासमीन की निर्णायक मंडली ने किया। इसमें फार्माकोलॉजी विभाग ने पहला, साइकियाट्री विभाग ने दूसरा और मेडिसिन विभाग ने तीसरा स्थान हासिल किया। सर्जरी और फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रयासों की भी सराहना की गई।
फेट में खेल और खानपान का दिखा उत्साह
मेडिकल प्रदर्शनी के बाद आईएमए अध्यक्ष डॉ. आलोक अग्रवाल ने फीता काटकर फेट का शुभारंभ किया। इसमें मेडिकल कॉलेज के 2026 बैच के विद्यार्थियों ने मनोरंजक खेलों और खानपान के स्टॉल लगाए। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम का जमकर आनंद लिया। मनोरंजन के लिए वी सम्राट ने मैजिक शो प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. आभा गुप्ता, डॉ. श्वेता शर्मा, डॉ. अन्तिमा गुप्ता, डॉ. अलका श्रीवास्तव, डॉ. अंशु सिंह, डॉ. लोकेश कुमार, डॉ. तरुण पाल, डॉ. प्रेम प्रकाश और डॉ. अनुज त्यागी समेत संकाय सदस्यों का विशेष योगदान रहा।


No comments:
Post a Comment