चुनौतियों से डरें नहीं, उन्हें चुनौती देकर आगे बढ़ें : पीएम मोदी
आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में युवाओं को दिया सफलता का मंत्र, 75 विद्यार्थियों से किया संवाद
कोलकाता (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से जीवन की चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका डटकर मुकाबला करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुश्किल परिस्थितियों में हार मानने के बजाय उनसे आगे निकलने का प्रयास करना चाहिए। युवाओं को अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का इस्तेमाल देश के विकास में करना चाहिए।
शनिवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिले में आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "मेरे स्वभाव में ही है कि मैं चुनौती को चुनौती दिए बिना रह नहीं सकता।" उन्होंने संस्थान की ऐतिहासिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि जिस परिसर में आज देश का प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान स्थापित है, वहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों को नजरबंद रखा जाता था। यह भूमि देश की आजादी के संघर्ष और महान विचारों की साक्षी रही है।
पीएम मोदी ने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि आईआईटी खड़गपुर केवल तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान का केंद्र नहीं, बल्कि गौरवशाली इतिहास की धरोहर भी है। नई पीढ़ी को इस विरासत से प्रेरणा लेकर देश के बेहतर भविष्य के निर्माण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
75 विद्यार्थियों से किया संवाद, स्मारक सिक्के का अनावरण
संस्थान के 75 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने विशेष स्मारक सिक्के का अनावरण किया। 'विकसित भारत के लिए 75 आवाजें' पहल के तहत उन्होंने 75 विद्यार्थियों से संवाद भी किया। इससे पहले उन्होंने संस्थान की ओर से विकसित कम लागत वाली उन्नत चिकित्सा तकनीकों और दूरदराज के क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने वाले नवाचारों की प्रदर्शनी देखी। इन तकनीकों का उद्देश्य आम लोगों को सस्ती और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


No comments:
Post a Comment