वायरल वीडियो ने खोली पोल! आवास विकास के संपत्ति प्रबंधक निलंबित

सबहेड : रिश्वत मांगने और फाइल निरस्त करने की धमकी देने के आरोपों में घिरे सुनील कुमार शर्मा पर कार्रवाई, लखनऊ मुख्यालय से किया संबद्ध

मेरठ। आवास विकास परिषद के मेरठ कार्यालय में कथित रिश्वतखोरी का मामला सामने आने के बाद विभाग में हलचल मच गई है। संपत्ति प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिषद ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। उन पर काम के बदले रकम मांगने और पैसा नहीं मिलने पर फाइल निरस्त करने की धमकी देने के आरोप हैं। परिषद के सचिव राकेश कुमार सिंह ने निलंबन के साथ ही उन्हें लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। मामले की जांच लखनऊ जोन के कमिश्नर को सौंपी गई है।

तीन वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

संपत्ति प्रबंधक से जुड़े तीन वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए थे। इनमें कथित तौर पर वह काम कराने के बदले रकम मांगते और पैसे नहीं मिलने पर संबंधित फाइल निरस्त करने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय सचिव विनोद कुमार ने मुख्यमंत्री से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आवास विकास कार्यालय में आम लोगों के काम बिना सुविधा शुल्क के नहीं किए जा रहे हैं।

पहले नोटिस, अब निलंबन की कार्रवाई

मामले में इससे पहले उप आवास आयुक्त अनिल कुमार सिंह की ओर से सुनील कुमार शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। शिकायत में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी फाइलों के निस्तारण और पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षण व्यवस्था लागू नहीं किए जाने समेत कई अन्य आरोप भी लगाए गए थे। मामला सार्वजनिक होने और शिकायतों के तूल पकड़ने के बाद परिषद के उच्च अधिकारियों ने कार्रवाई तेज कर दी।

अधिकारी बोले- एआई से तैयार किए गए वीडियो

दूसरी ओर, सुनील कुमार शर्मा ने वायरल वीडियो को एआई से तैयार बताया है। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए वीडियो की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए हैं। अब जांच में वीडियो की सत्यता, कथित लेनदेन और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की पड़ताल होगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts