गोल मार्केट में कपड़ा व्यापारी से मारपीट कर ढाई हजार रुपये लूटे, दो युवक फरार
दुकान पर बैठे व्यापारी को बनाया निशाना, वारदात के बाद पुलिस में मचा हड़कंप; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मवाना (मेरठ)। मवाना के गोल मार्केट में सोमवार शाम दो युवकों ने कपड़ा व्यापारी के साथ मारपीट कर करीब 2500 रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। दुकान पर व्यापारी के साथ हुई घटना से बाजार में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही सीओ पंकज लवानिया और थाना प्रभारी देवेंद्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
दुकान पर पहुंचे और करने लगे मारपीट
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब सात बजे गोल मार्केट से प्रिया टॉकीज की ओर जाने वाले रास्ते पर कपड़े की दुकान पर व्यापारी नेम बैठे थे। वह दुपट्टे, सूट और साड़ियों का कारोबार करते हैं। आरोप है कि इसी दौरान दो युवक दुकान पर पहुंचे और व्यापारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद गल्ले में रखे करीब 2500 रुपये छीनकर फरार हो गए।
सीसीटीवी कैमरों में तलाशे जा रहे आरोपी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यापारी से पूछताछ की। पुलिस आसपास की दुकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल पीड़ित की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment