कांस्टेबल के प्रेम प्रसंग पर क्लीनिक में संग्राम, पत्नी ने महिला चिकित्सक को जड़े थप्पड़

सरधना क्षेत्र में पति की कथित प्रेमिका के क्लीनिक पहुंची पत्नी, दोनों महिलाओं में जमकर मारपीट; पुलिस थाने ले गई, एक-दूसरे के खिलाफ दी तहरीर

मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र में सोमवार को पति-पत्नी और वो का मामला उस समय सड़क पर आ गया, जब एक कांस्टेबल की पत्नी अपने पति के कथित प्रेम प्रसंग को लेकर महिला चिकित्सक के क्लीनिक पर पहुंच गई। वहां दोनों महिलाओं के बीच पहले तीखी कहासुनी हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। गुस्से में आई पत्नी ने महिला चिकित्सक पर थप्पड़ों की बौछार कर दी। क्लीनिक में हंगामे से अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों महिलाओं को थाने ले आई।

महिला चिकित्सक से चल रहा कथित प्रेम प्रसंग

जानकारी के अनुसार, शामली निवासी एक युवक यूपी पुलिस में कांस्टेबल है और मेरठ जिले के एक थाने में तैनात है। बताया जा रहा है कि कांस्टेबल का सरधना क्षेत्र के एक गांव की महिला चिकित्सक से कथित प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी बात को लेकर उसकी पत्नी नाराज चल रही थी। सोमवार को वह सीधे महिला चिकित्सक के क्लीनिक पहुंच गई और वहां विवाद शुरू हो गया।

दोनों महिलाओं ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप

क्लीनिक पर हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। चर्चा रही कि विवाद के दौरान कांस्टेबल भी मौके पर मौजूद था। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों महिलाओं को थाने ले गई। वहां दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की और तहरीर दी। हालांकि, मीडिया की ओर से जानकारी लेने का प्रयास करने पर दोनों महिलाओं ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।

अदालत में लंबित है तलाक का मामला

प्रभारी निरीक्षक अरुण मिश्र ने बताया कि मामला कांस्टेबल के कथित प्रेम प्रसंग और पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद से जुड़ा है। दंपती का तलाक संबंधी मामला न्यायालय में विचाराधीन है। फिलहाल दोनों पक्षों को समझाकर घर भेज दिया गया है। पुलिस तहरीरों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts