आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मौत बनकर दौड़ी रफ्तार, डीसीएम में घुसी अर्टिगा; दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत
15 दिन पहले खरीदी थी कार, आगरा से औरैया जा रहा था परिवार; दो मासूम बच्चों समेत तीन घायल, तीसरे भाई की हालत गंभीर
इटावा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। चौबिया थाना क्षेत्र में चैनल नंबर 118 के पास तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे डीसीएम में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
15 दिन पहले खरीदी थी कार, परिवार के साथ निकले थे सफर पर
जानकारी के मुताबिक, आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र के बोदला मोहल्ले का एक परिवार अर्टिगा कार से आगरा से औरैया जा रहा था। कार में छह लोग सवार थे और मोहित चौहान गाड़ी चला रहा था। बताया गया कि कार करीब 15 दिन पहले ही खरीदी गई थी। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे नगला सवी पूर्वी गांव के सामने चैनल नंबर 118 पर कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डीसीएम में जा घुसी।
टक्कर के बाद कार में मची चीख-पुकार
हादसे के बाद कार में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीम मौके पर पहुंची। कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान तीन लोगों ने दम तोड़ दिया।
दो सगे भाइयों की मौत, तीसरे भाई की हालत गंभीर
मृतकों की पहचान मोहित चौहान (22) पुत्र परशुराम, गोविंद (26) पुत्र परशुराम और विकास (21) पुत्र दीनदयाल के रूप में हुई है। मोहित और गोविंद सगे भाई थे। हादसे में परशुराम के तीसरे बेटे हरिओम चौहान (32) की हालत गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा छह वर्षीय हिमांशु और 10 वर्षीय रोतेश भी घायल हुए हैं। तीनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
एसएसपी ने की तीन मौतों की पुष्टि
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने हादसे में तीन लोगों की मौत और तीन के घायल होने की पुष्टि की है। सूचना पर सीओ सैफई केपी सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।


No comments:
Post a Comment