पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, सरकारी महिला शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या, पति-बेटा-बेटी भी घायल

बस्ती में कांग्रेस महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पर हमला कराने का आरोप, 10-12 लोगों के साथ घर पहुंचकर लाठी-डंडों और चाकू से वार करने का दावा; पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया

बस्ती। जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के ताहिरपुर गांव में मंगलवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि कांग्रेस महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी यादव ने अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर सरकारी महिला शिक्षक सुधा यादव (52) के घर पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों और चाकू से किए गए हमले में सुधा, उनके पति, बेटा और बेटी घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां दोपहर करीब एक बजे सुधा यादव ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

तीन साल पुरानी शिकायत के बाद बढ़ी थी रंजिश

परिजनों के मुताबिक, सुधा यादव गोंडा जिले के नवाबगंज स्थित एक सरकारी विद्यालय में शिक्षिका थीं। उनके पति सुधाशंकर यादव एक निजी कॉलेज में पढ़ाते हैं। बेटे अखिलेश का आरोप है कि करीब तीन साल पहले लक्ष्मी यादव ने उसकी मां की नौकरी पर सवाल उठाते हुए फर्जी मार्कशीट के आधार पर नौकरी पाने की शिकायत की थी। मामला अदालत और हाईकोर्ट तक पहुंचा, लेकिन वहां से शिकायत खारिज हो गई। परिजनों का दावा है कि इसके बाद से ही दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी चली आ रही थी।

गेट पर सफाई कर रहे थे पति, तभी शुरू हुआ विवाद

बेटे अखिलेश के अनुसार, उनका परिवार अयोध्या में रहता है और दिवाली पर गांव आया हुआ था। मंगलवार सुबह घर के बाहर घास-फूस की सफाई चल रही थी। पिता गेट के पास सफाई कर रहे थे, जबकि मां सुधा कुर्सी पर बैठी थीं। इसी दौरान लक्ष्मी यादव स्कूटी से वहां पहुंचीं और गाली-गलौज करने लगीं। आरोप है कि उन्होंने खून की नदियां बहाने की धमकी दी और कुछ देर बाद अपने परिवार के 10-12 लोगों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया।

अस्पताल में तोड़ा दम, परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल

हमले में सुधा यादव के अलावा उनके पति सुधाशंकर, बेटे अखिलेश और बेटी भी घायल हो गए। पड़ोसियों ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान सुधा की मौत हो गई। मां की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सुधा के चार बच्चे हैं। बड़ी बेटी अंशिका की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा अखिलेश एमएससी की पढ़ाई कर रहा है। दो अन्य बेटियां अनुपम और प्रिया हैं।

पुलिस बोली- कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में हुई मारपीट

कलवारी के सीओ बृजेश सिंह के मुताबिक, लक्ष्मी यादव अपने मायके बैजलपुर से ससुराल ताहिरपुर आ रही थीं। उनके घर पर लक्ष्मी प्रतिमा की स्थापना की गई थी। इसी दौरान सुधा यादव के घर के पास दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसके बाद लक्ष्मी ने फोन कर अपने परिवार के लोगों को बुलाया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट में सुधा, उनके पति, बेटा और बेटी घायल हुए। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts