क्रिकेट के छक्कों से दुनिया में छाए रिंकू सिंह अब शादी की पारी खेलने को तैयार, 4 दिसंबर को प्रिया सरोज संग लेंगे सात फेरे

लखनऊ के रमाडा होटल में होगा शाही विवाह समारोह, अलीगढ़ में सजेगी रिसेप्शन की महफिल; शाहरुख खान, अखिलेश यादव, विराट कोहली और रोहित शर्मा समेत कई दिग्गजों को न्योता

लखनऊ। क्रिकेट के मैदान पर लगातार पांच छक्के लगाकर सुर्खियों में आए भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह अब जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी की मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज के साथ उनकी शादी की तारीख तय हो गई है। दोनों 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ के रमाडा होटल में सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंधेंगे। शादी की तैयारियां तेज हो गई हैं और रिश्तेदारों व खास मेहमानों को निमंत्रण पत्र भेजने का सिलसिला शुरू हो चुका है।

लखनऊ में शाही शादी, अलीगढ़ में होगा भव्य रिसेप्शन

रिंकू और प्रिया की शादी का मुख्य समारोह नवाबों के शहर लखनऊ में आयोजित होगा। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद रिंकू के गृह जनपद अलीगढ़ में भव्य रिसेप्शन दिया जाएगा। रिसेप्शन के लिए होटल यश रेजीडेंसी, पारस ज्योति और होटल गोल्डन स्टोन के नामों पर विचार चल रहा है। हालांकि, आयोजन स्थल की अंतिम पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अलीगढ़ से 50 से 100 करीबी रिश्तेदार और दोस्त बारात लेकर लखनऊ पहुंचेंगे।

शाहरुख खान से लेकर अखिलेश यादव तक को न्योता

इस हाईप्रोफाइल शादी में क्रिकेट, राजनीति और फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की चर्चा है। बॉलीवुड अभिनेता और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मालिक शाहरुख खान को विशेष रूप से निमंत्रण भेजा जा रहा है। राजनीतिक जगत से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी रिंकू परिवार के साथ शादी का कार्ड देने जाएंगे।

विराट-रोहित और गौतम गंभीर को भी बुलावा

क्रिकेट जगत से भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, रोहित शर्मा और हेड कोच गौतम गंभीर समेत कई दिग्गजों को निमंत्रण भेजा जा रहा है। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को भी कार्ड भेजे जाने की तैयारी है। हालांकि, इन क्रिकेट हस्तियों की शादी में मौजूदगी की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सगाई के बाद पिता के निधन से टल गई थी शादी

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज ने 8 जून 2025 को लखनऊ के सेंट्रम होटल में सगाई की थी। पहले दिसंबर 2025 और फिर फरवरी 2026 में शादी की तारीख पर विचार हुआ था। लेकिन 27 फरवरी 2026 को रिंकू के पिता खानचंद के निधन और क्रिकेट कार्यक्रमों की व्यस्तता के चलते शादी टालनी पड़ी। अब दोनों परिवारों ने दिसंबर में विवाह की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

होने वाली बहू के लिए मां ने खरीदी खास साड़ी

शादी को लेकर रिंकू के परिवार में खासा उत्साह है। रिपोर्ट के मुताबिक, रिंकू की मां ने होने वाली बहू प्रिया सरोज के लिए पीले रंग की खास साड़ी खरीदी है। खरीदारी के दौरान रिंकू की बड़ी भाभी और बहन नेहा भी साथ रहीं। शादी के कार्ड का डिजाइन भी रिंकू ने अपनी बहन के साथ मिलकर फाइनल किया है। इसके अलावा गांव और आसपास के करीब 1500 परिवारों को भी शादी का निमंत्रण भेजा गया है।

क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के बाद अब रिंकू सिंह की शादी को लेकर खेल और राजनीतिक जगत में भी उत्सुकता बनी हुई है। दिसंबर में होने वाला यह समारोह साल की चर्चित शादियों में शामिल होने जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts