सम्भावित भय
- टीकेश्वर सिन्हा 'गब्दीवाला '
भारती सेकंड टाइम प्रेगनेंट थी। महेश भी बहुत खुश था। हस्बैंड-वाइफ दोनों प्रेजेंट प्रेगनेंसी टेस्ट के लिए कल्याणी नर्सिंग होम जा रहे थे। पहले मंदिर जाना उचित समझा। चौखट पर पहुँचते ही हाथ जुड़ गये। सर नत हो गये। आँखें मूँद गयीं। दोनों की दिली चाहत एक थी- 'हे जगत जननी मातेश्वरी दुर्गे ! हम अपनी पहली संतान बेटी पाकर बहुत खुश हैं। अब हमें सिर्फ बेटा ही चाहिए। अगर बेटा हुआ तो तुम्हें श्रृंगार चढ़ाएंगे माँ। व्रत रखेंगे। तेरे दर पे घी का ज्योत जलाएँगे। बस हमें एक बेटा दे दो माँ । 

हमें बहुत खुशी होगी।' चाहत की प्रस्तुति लहर एकाएक थोड़ी धीमी हुई- 'दिस टाइम, हमें बेटी की कोई इच्छा नहीं है। बेटी हुई तो हम टूट जाएँगे। अगर रिपोर्ट में ऐज़ ए फिमेल की जानकारी मिली तो हमें मजबूरन नेक्स्ट् अटेम्प्ट् की जरूरत पड़ सकती है।'  
            
चेहरे पर मुस्कान लिये वे मंदिर से निकले। पर अपने हिंद-अंग्रेजियत माँ-बाप की बातें सुन उस अजन्मे को बहुत दुख हुआ। अब वह एक ही सम्भावित भय से काँप रही थी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts