क्या वह बचेगा

- डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा 'उरतृप्त'
रात के दो बजते ही शहर का स्मार्ट मिजाज अचानक बेसमेंट में बह गया और हाइटेक टावर के स्विमिंग पूल बनते ही प्रशासन का असली टैलेंट जाग उठा। हमारे यहां जब कोई नौजवान बारह बाई दस के कमरे का किराया बचाने के लिए जागता है तब उसे कोई नहीं देखता पर जैसे ही वह नाबदान में डूबने लगता है तो पूरी दुनिया ओबी वैन लेकर लाइव कवरेज करने पहुंच जाती है। आला अफसरान के चमचमाते बूट जब कीचड़ पर पड़े तो सबसे पहले एक ड्रोन उड़ाया गया ताकि तबाही का फुटेज फुल एचडी में आ सके। व्यवस्था का उसूल बहुत सीधा है जहां इंसान की सांसें फूलती हैं वहां फाइल के पन्ने पलटने लगते हैं और संवेदना को तुरंत किसी बहुउद्देशीय हाई लेवल कमेटी में डालकर सुरक्षित कर दिया जाता है।

एक तरफ आलोक का बूढ़ा बाप टिफिन हाथ में लिए अफसरों के पैर पकड़ने दौड़ रहा था और दूसरी तरफ पीआरओ साहब खीझ रहे थे कि यह देहाती आदमी कमिश्नर की ऐतिहासिक बाइट का फ्रेम क्यों खराब कर रहा है। कमिश्नर साहब कैमरे के लेंस में देखकर ऐलान फरमा रहे थे कि इंसानी जान से बढ़कर कुछ नहीं होता और इस बात का ड्राफ्ट तैयार करने के लिए तीन कमेटियां बन चुकी हैं। इस देश में गरीब की सांस रुकने और टेंडर पास होने के बीच बस इतना ही फासला होता है कि जब तक ठेकेदार स्पेयर पार्ट ढूंढता है तब तक फेफड़े पानी से भर चुके होते हैं। बूढ़े ने जब मटमैले पानी की तरफ छलांग लगानी चाही तो दो लठैत सिपाहियों ने प्रोटोकॉल का डंडा अड़ा दिया क्योंकि बाबू साहबों के राज में कायदे हमेशा लाशों के रास्ते में नहीं बल्कि अपनों के गले मिलने के बीच में खड़े किए जाते हैं।

सवेरे के चार बजे जब पानी निकालने वाले पंप का फ्यूज उड़ गया तो पता चला कि ट्रेजरी का सर्वर डाउन है और बिना डिजिटल साइन के जिंदगी की घंटी नहीं बज सकती। हमारी तरक्की का आलम यह है कि इंसान मर रहा हो तब भी सिस्टम को ओटीपी चाहिए होता है। यूट्यूबर अपने ट्राइपॉड पर थूक लगाकर चीख रहे थे कि क्या चमत्कार होगा जबकि बेसमेंट में कोई चमत्कार नहीं बस एक अभागा लड़का था जो दिन में देश बदलने का ख्वाब देखता था और रात में चंद रुपयों के लिए कीबोर्ड तोड़ता था। एनडीआरएफ के गोताखोरों ने जब साढ़े पांच बजे आलोक की ठंडी देह बाहर निकाली तो मीडिया वाले ऐसे खुश हुए जैसे रेस्क्यू नहीं कोई वर्ल्ड कप जीत लिया हो।

अबकी बार पुलिस ने बूढ़े राघवेंद्र को नहीं रोका क्योंकि बिना रोते हुए लाचार बाप के खबर में टीआरपी वाला इमोशनल एंगल कैसे आता। आलोक के कंधे पर टंगे भीगे बैग से यूपीएससी का वही एडमिट कार्ड बहकर बाहर आया जिसका इम्तिहान परसों होना था और जिसे पास करके वह इस सड़े हुए शहर से भागना चाहता था। ठीक उसी सेकंड बूढ़े की फटी जेब में मोबाइल थरथराया और स्क्रीन पर सरकारी नोटिफिकेशन चमका कि बधाई हो आपके शहर ने स्वच्छता और सुरक्षा में देश भर में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। सिस्टम का पंच ऐसा था कि बेजान बेटे के माथे पर हाथ धरे पिता के पास चीखने की भी कोई गुंजाइश नहीं बची थी क्योंकि अफसरों की गाड़ियों का बैक गियर लग चुका था और शहर अगले तमाशे के लिए तैयार हो रहा था।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts