जनगणना की तैयारियों में आएगी तेजी, पांच दिन में स्वगणना का लक्ष्य सुधारने पर जोर

26 से 30 नवंबर तक सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के मोबाइल में इंस्टॉल होगा पीई ऐप, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे कर्मचारी

मेरठ। जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर शासन ने कवायद तेज कर दी है। अगले पांच दिनों में स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रगति में अधिकतम सुधार लाने के साथ ही लोगों को जागरूक कर इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। बुधवार को सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग एवं प्रदेश के जनगणना नोडल अधिकारी अभिषेक प्रकाश ने मेरठ मंडल के सभी जनपदों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं तय समयसीमा में पूरी कर ली जाएं।

पांच दिन में बढ़ाना होगा स्वगणना का दायरा

समीक्षा बैठक में अभिषेक प्रकाश ने कहा कि स्वगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए। अधिक से अधिक परिवारों को इस प्रक्रिया में शामिल करने का प्रयास किया जाए, ताकि स्वगणना की प्रगति में तेजी आ सके। उन्होंने कहा कि अगले पांच दिन इस लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। सभी जनपदों के अधिकारी विशेष प्रयास कर स्वगणना के लक्ष्य में अधिकतम सुधार सुनिश्चित करें।

प्रगणकों के मोबाइल में पीई ऐप जरूरी

उन्होंने निर्देश दिए कि 26 से 30 नवंबर तक जनगणना कार्य में लगाए गए सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के मोबाइल फोन में संशोधित प्रक्रिया के अनुसार पीई ऐप अनिवार्य रूप से इंस्टॉल कराया जाए। ऐप की उपलब्धता और संचालन को लेकर पहले से तैयारी पूरी कर ली जाए, जिससे जनगणना के दौरान कर्मचारियों को किसी तरह की तकनीकी दिक्कत का सामना न करना पड़े।

एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे कर्मचारी

अभिषेक प्रकाश ने बताया कि एक दिसंबर 2026 से शुरू होने वाली जनसंख्या गणना के तहत कर्मचारी घर-घर जाकर परिवारों और व्यक्तियों से संबंधित जानकारियां जुटाएंगे। इस कार्य में डिजिटल माध्यम की अहम भूमिका रहेगी। इसलिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के मोबाइल में समय से ऐप इंस्टॉल होना जरूरी है। उन्होंने सभी जनपदों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण, तकनीकी व्यवस्था और अन्य तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करें, ताकि जनगणना का काम सुचारू रूप से कराया जा सके।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts