सपा-कांग्रेस की सियासी दोस्ती पर योगी का वार, बोले- सपा के लिए अब ‘राम नाम सत्य’ का समय
सबहेड: अखिलेश के अयोध्या दौरे पर उठाए सवाल, बोले- दो नावों की सवारी करने वाले डूबते हैं; पीडीए को बताया परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी
लखनऊ (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर सवाल उठाए और कहा कि अयोध्या जाने से पहले उन्हें रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि राधे-राधे तो अभी शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आने वाला है।
मुख्यमंत्री बुधवार को एक टीवी मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव कहना आस्था के अनुरूप है, जबकि राम नाम सत्य अंतिम विदाई के समय बोला जाता है। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दो नावों की सवारी करने वाले डूब जाते हैं।
पीडीए को बताया परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी
योगी ने सपा की राजनीति को परिवारवाद तक सीमित बताते हुए उसके पीडीए की नई व्याख्या की। उन्होंने कहा कि पीडीए का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी है। सपा की राजनीति एक परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जबकि भाजपा का मतदाता हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है, जो संविधान और देश की विरासत का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि उनकी किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, लेकिन देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसका मुकाबला करना एक संन्यासी का दायित्व है।
गठबंधन की बैठकों के बीच प्रत्याशी घोषित करने पर तंज
सपा-कांग्रेस गठबंधन को चुनाव से पहले ही विफल बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बैठकें हो रही हैं और दूसरी तरफ प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जा रहे हैं। दोनों दलों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने प्याज भी खाया और जूता भी। योगी ने स्पष्ट किया कि भाजपा और एनडीए के सहयोगी दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। प्रत्याशियों का चयन पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
एसआईआर पर विपक्ष को घेरा
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा विदेशी घुसपैठियों को भी अपना मानती है, जबकि मतदाता सूची में केवल पात्र भारतीय नागरिकों के नाम होने चाहिए। मृतकों और स्थान बदल चुके लोगों के नाम हटाना जरूरी है। हालांकि, किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए। विदेशी नागरिकों को मतदान का अधिकार नहीं दिया जा सकता।
कट्टा-बम से ब्रह्मोस तक पहुंचा प्रदेश : योगी
कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दे पर पिछली सरकारों को घेरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे और अव्यवस्था का माहौल था। उस समय कट्टा-बम बनाने की फैक्ट्रियां चलती थीं, जबकि आज प्रदेश में रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और निवेश को बढ़ावा देने के लिए 36 सेक्टोरल नीतियां बनाई गई हैं।
सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को जेल या जहन्नुम
महिलाओं, व्यापारियों और निवेशकों की सुरक्षा पर सख्त रुख अपनाते हुए योगी ने कहा कि बेटियों, व्यापारियों, निवेशकों और राह चलती महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए दो ही जगह हैं- जेल या जहन्नुम। मुख्यमंत्री ने चार लाख मकान खरीदारों को आवास दिलाने के प्रयासों का भी जिक्र किया। इसके साथ ही नोएडा जाने को लेकर वर्षों से चली आ रही राजनीतिक अंधविश्वास की धारणा को तोड़ने की बात भी कही।


No comments:
Post a Comment