संविधान रक्षा मार्च को नहीं मिली अनुमति, अब कांग्रेस कार्यालय में होगा सम्मेलन

पीएल पुनिया बोले- प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्र का हवाला देकर रोका मार्च, खरगे होंगे शामिल; 40 हजार लोगों के जुटने का दावा

लखनऊ (एजेंसी)। संविधान दिवस पर 26 नवंबर को लखनऊ में प्रस्तावित कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च को प्रदेश सरकार से अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद पार्टी ने मार्च स्थगित कर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में संविधान रक्षा सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है। पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने बताया कि कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी शामिल होंगे।

पीएल पुनिया ने कहा कि संविधान रक्षा मार्च के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं को पहले कांग्रेस कार्यालय में माल्यार्पण करना था। इसके बाद सभी को हजरतगंज स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक शांतिपूर्ण मार्च निकालना था। इसके लिए प्रशासन को लिखित में अनुमति मांगी गई थी, लेकिन अनुमति नहीं दी गई। प्रशासन ने क्षेत्र को संवेदनशील बताते हुए मार्च की मंजूरी देने से इनकार कर दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस शांतिपूर्ण तरीके से मार्च निकालना चाहती थी, इसके बावजूद अनुमति नहीं मिली। अब पार्टी मुख्यालय में संविधान रक्षा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें करीब 40 हजार लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है।

एसआईआर के बहाने वोट का अधिकार छीनने का आरोप

पुनिया ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से लोगों का वोट देने का अधिकार छीनने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि संविधान ने प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में संविधान की रक्षा के लिए अभियान चलाया जा रहा है और यह आगे भी जारी रहेगा।

सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि कांग्रेस हमेशा संविधान की बात करती रही है। मार्च का कार्यक्रम स्थगित कर अब पार्टी कार्यालय में सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts