नए बिजलीघर से 15 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत, ओवरलोडिंग की समस्या घटी

एमडी रवीश गुप्ता ने मुजफ्फरनगर में वर्कशॉप, स्टोर और बिजलीघर का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं परखीं

मेरठ। मुजफ्फरनगर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नए बिजलीघर से पुराने बिजलीघर का लोड कम किया गया है। शामली रोड बिजलीघर शुरू होने से ओवरलोडिंग की समस्या में सुधार हुआ है। इससे करीब 15 हजार उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। बुधवार को पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने मुजफ्फरनगर स्थित वर्कशॉप, स्टोर और बिजलीघर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एमडी ने विभिन्न क्षमताओं के रिपेयर ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता और उनकी संख्या की जानकारी ली। उन्होंने संतोष जताया कि जरूरत के अनुसार सभी क्षमताओं के ट्रांसफार्मर उपलब्ध हैं। इससे खराब ट्रांसफार्मरों को समय पर बदलने और बिजली आपूर्ति सुचारु रखने में मदद मिलेगी।

स्टोर में अभिलेखों से किया सामग्री का मिलान

प्रबंध निदेशक ने वर्कशॉप परिसर स्थित स्टोर का भी निरीक्षण किया। यहां रखी विद्युत सामग्री का अभिलेखों से सैंपल के आधार पर मिलान कराया गया। जांच में रिकॉर्ड के अनुसार सामग्री उपलब्ध मिली। इसके बाद उन्होंने परिसर में निर्माणाधीन नए भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्माण कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।

कंट्रोल रूम और उपकरणों की भी जांच

एमडी ने बिजलीघर के कंट्रोल रूम, वीसीबी और अन्य विद्युत उपकरणों की स्थिति परखी। बिजलीघर के यार्ड में लोड की स्थिति और ओवरलोडिंग की समस्या के समाधान की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि शामली रोड के नए बिजलीघर में लोड स्थानांतरित होने से पुराने बिजलीघर पर दबाव कम हुआ है। इससे उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति मिलने के साथ नए कनेक्शन जारी करने और स्वीकृत भार बढ़वाने में भी सुविधा होगी। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता एसके अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts