हुनर हाट में दिखी विद्यार्थियों की रचनात्मकता, हस्तनिर्मित उत्पादों की जमकर हुई खरीदारी

सीसीएसयू के ललित कला संस्थान के दो दिवसीय दीपावली मेले का भव्य समापन, अतिथियों ने विद्यार्थियों के हुनर और उद्यमशीलता को सराहा

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान की ओर से आयोजित दो दिवसीय ‘हुनर हाट दीपावली मेले’ का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आयोजित मेले में विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा, नवाचार और उद्यमशीलता की झलक देखने को मिली। मेले में विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार किए गए सजावटी और उपयोगी उत्पादों के स्टॉल लगाए।

दीप प्रज्ज्वलित कर किया समापन समारोह का शुभारंभ

समापन समारोह में मुख्य अतिथि राजकीय दत्तक ग्रहण अभिकरण, सूरजकुंड रोड की प्रभारी अधीक्षिका श्रीमती मीना सिसोदिया और विशिष्ट अतिथि एनआईटीआरए आईटीएडीसी, मेरठ के ऑफिस इंचार्ज संजीव नगर रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की ओर से तैयार उत्पादों की सराहना की।

हस्तनिर्मित उत्पादों ने खींचा आकर्षण

मेले में हस्तनिर्मित लक्ष्मी-गणेश प्रतिमाएं, बंदनवार, कमल पुष्प, रंगोली, पूजा थाल, वॉल हैंगिंग, आभूषण, गिफ्ट बॉक्स, बैग, टोकरियां और दीपावली से जुड़े सजावटी उत्पाद प्रदर्शित किए गए। अतिथियों ने स्टॉलों से खरीदारी कर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। अधिकांश उत्पादों की आगंतुकों ने उत्साह के साथ खरीदारी की।

कला को रोजगार से जोड़ने का मंच

मुख्य अतिथि मीना सिसोदिया ने कहा कि हुनर हाट जैसे आयोजन युवाओं को अपनी कला के माध्यम से समाज से जुड़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर देते हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि संजीव नगर ने कहा कि प्रो. अलका तिवारी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट हस्तनिर्मित उत्पाद तैयार किए हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रोजगारोन्मुखी सोच विकसित करने के साथ भारतीय कला और हस्तशिल्प को भी नई पहचान देते हैं।

विद्यार्थियों का बढ़ा आत्मविश्वास

कार्यक्रम संयोजिका एवं ललित कला संस्थान की उपनिदेशक प्रो. अलका तिवारी ने बताया कि मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को समाज और बाजार से जोड़ना है, ताकि वे अपनी कला को रोजगार और आत्मनिर्भरता का माध्यम बना सकें। उत्पादों की बिक्री से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और उत्साह बढ़ा है।

समापन समारोह में डॉ. पूर्णिमा वशिष्ठ, डॉ. शालिनी धामा, दीपांजली, मोहम्मद खालिद, कृतिका, आकाश सहित संस्थान के शिक्षक-कर्मचारियों का सहयोग रहा। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ सहभागिता की। अंत में प्रो. अलका तिवारी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार का आभार जताया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts