सीसीएसयू में कॉस्ट्यूम ज्वेलरी प्रदर्शनी का शुभारंभ, पहले दिन 20 हजार की बिक्री
कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने किया उद्घाटन, विद्यार्थियों के हस्तनिर्मित आकर्षक आभूषणों को मिली सराहना; 4 नवंबर तक चलेगी प्रदर्शनी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में मंगलवार को डिपार्टमेंट ऑफ ज्वेलरी डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी की ओर से दो दिवसीय कॉस्ट्यूम ज्वेलरी प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आईएमएस की निदेशक प्रो. जसकिरन कौर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
विद्यार्थियों की रचनात्मकता ने मोहा मन
प्रदर्शनी में विभाग के विद्यार्थियों, विशेषकर फाइनल ईयर के छात्र-छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार आकर्षक कॉस्ट्यूम ज्वेलरी प्रदर्शित की। विद्यार्थियों ने विभिन्न डिजाइन और कलात्मकता वाले आभूषण बिक्री के लिए भी उपलब्ध कराए। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और डिजाइन की सराहना की।
पहले दिन ही 20 हजार रुपये की बिक्री
प्रदर्शनी के पहले दिन करीब 20 हजार रुपये के आभूषणों की बिक्री हुई। यह उपलब्धि विद्यार्थियों के लिए खासा उत्साह बढ़ाने वाली रही। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता और डिजाइनिंग कौशल दिखाने के साथ उत्पाद निर्माण, विपणन और उद्यमिता का व्यावहारिक अनुभव देना है।
शिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयार किए आभूषण
प्रदर्शनी का आयोजन कोऑर्डिनेटर प्रो. सरू कुमारी और को-कोऑर्डिनेटर डॉ. अंशु अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें शिक्षिका अर्चना चौधरी, आफरीन खान, प्रगति वर्मा और दीपक कुमार का विशेष योगदान रहा। ममता, सोनिया सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी आयोजन में सहयोग किया।
4 नवंबर को भी देख सकेंगे प्रदर्शनी
विश्वविद्यालय परिसर में यह प्रदर्शनी बुधवार, 4 नवंबर को भी जारी रहेगी। इच्छुक लोग सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक प्रदर्शनी का अवलोकन कर अपनी पसंद के हस्तनिर्मित आभूषण खरीद सकते हैं।


No comments:
Post a Comment