स्पोर्ट्स पीरियड में खेलने के बाद क्लास में गिरी 9 साल की बच्ची, हार्ट अटैक से मौत
मयूर विहार के स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा ने तोड़ा दम, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक स्कूल में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली नौ साल की छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बताया गया कि बच्ची की मौत हार्ट अटैक से हुई। वह स्पोर्ट्स पीरियड में खेलने के बाद अपनी कक्षा में लौटी थी। कुछ देर बाद ही वह अचानक खड़े-खड़े मुंह के बल जमीन पर गिर पड़ी।
घटना के समय कक्षा में अन्य बच्चे भी मौजूद थे। बच्ची को गिरता देख शिक्षिका तुरंत उसके पास पहुंचीं और उसे उठाकर कुर्सी पर बैठाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह बेसुध हो चुकी थी। उसके हाथ-पैरों में कोई हलचल नहीं हो रही थी। शिक्षिका ने उसे होश में लाने का प्रयास किया और मदद के लिए दूसरी कक्षा की शिक्षिका को बुलाने गईं।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
स्कूल में हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि सभी बच्चे कक्षा में बैठे हैं। इसी दौरान बच्ची कक्षा में पहुंचती है और कुछ देर तक खड़ी रहती है। अचानक वह जमीन पर गिर जाती है। इसके बाद शिक्षिका उसे संभालने का प्रयास करती हैं।
अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित
बच्ची को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महज नौ साल की उम्र में बच्ची की इस तरह अचानक मौत से स्कूल और परिवार में शोक का माहौल है। घटना ने बच्चों की सुरक्षा और स्कूलों में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


No comments:
Post a Comment