सड़क सुरक्षा पखवाड़े का आगाज, डीएम ने बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी

30 नवंबर तक चलेगा अभियान, हेलमेट-सीट बेल्ट के प्रति जागरूकता के साथ नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

मेरठ। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए सोमवार से सड़क सुरक्षा पखवाड़े की शुरुआत हुई। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम से जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बाइक रैली और प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 16 से 30 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न विभाग मिलकर जागरूकता कार्यक्रमों के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी करेंगे।

स्टेडियम से आरटीओ कार्यालय तक निकली रैली

बाइक रैली कैलाश प्रकाश स्टेडियम से शुरू होकर साकेत चौराहा और एल-ब्लॉक चौकी होते हुए आरटीओ कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। रैली का संचालन और मार्ग समन्वय यातायात पुलिस की टीम ने किया। आरटीओ कार्यालय पहुंचने पर बाइक सवारों और मौजूद अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा की शपथ ली। इस दौरान लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

हेलमेट और सीट बेल्ट को बनाएं आदत

जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल किया जाए। गलत दिशा में वाहन चलाने और लापरवाही से गाड़ी चलाने से बचें। उन्होंने लोगों से परिवार के सदस्यों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने की अपील की। साथ ही स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम बढ़ाने के निर्देश दिए।

स्टंट और नशे में ड्राइविंग पर होगी कार्रवाई

पखवाड़े के दौरान स्टंट ड्राइविंग, तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने और गलत दिशा में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग और यातायात पुलिस अभियान चलाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।

चालकों के स्वास्थ्य और आंखों की भी होगी जांच

अभियान में परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, स्वास्थ्य विभाग, रोडवेज और शिक्षा विभाग की भागीदारी रहेगी। स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। रोडवेज परिसरों में चालकों का सामान्य स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण कराया जाएगा। वहीं ई-रिक्शा, ऑटो, बस और ट्रक ऑपरेटर यूनियनों के माध्यम से चालकों व परिचालकों को सुरक्षित वाहन संचालन के मानकों की जानकारी दी जाएगी। 30 नवंबर को समापन समारोह के साथ पखवाड़े का समापन होगा।

ये अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में उप परिवहन आयुक्त हरिशंकर सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अम्ब्रीश कुमार, एआरटीओ प्रशासन विकास कुमार यादव, एआरटीओ प्रवर्तन सुधांशु रंजन और विंध्याचल गुप्ता, यात्री/मालकर अधिकारी नीलम, कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम के आरएसओ जितेंद्र यादव, यातायात प्रभारी संतोष सिंह, टीआई लालसा प्रसाद पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts