15 दिन में दूसरी बार बदली बृजेश कुमार सिंह की तैनाती, अब नोएडा भेजे गए
विनय कुमार सिंह-2 होंगे मेरठ विकास प्राधिकरण के नए सचिव, अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार का भी तबादला; रमेश यादव बने अपर आयुक्त
मेरठ। शासन ने रविवार देर रात पीसीएस अधिकारियों के तबादले की सूची जारी कर मेरठ में प्रशासनिक फेरबदल किया है। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) के सचिव बृजेश कुमार सिंह का महज 15 दिन में दूसरी बार तबादला कर दिया गया है। उन्हें विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी), नोएडा के पद पर भेजा गया है। उनकी जगह विनय कुमार सिंह-2 को मेडा का नया सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार का भी तबादला कर दिया गया है।
15 दिन पहले संभाला था मेडा सचिव का पद
बृजेश कुमार सिंह इससे पहले मेरठ में एडीएम सिटी के पद पर तैनात थे। करीब 15 दिन पहले ही उन्हें मेरठ विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया था। अब शासन ने उन्हें नई जिम्मेदारी देते हुए नोएडा में विशेष कार्याधिकारी के पद पर तैनाती दी है। उनके स्थान पर विनय कुमार सिंह-2 को वाराणसी में अपर जिलाधिकारी प्रोटोकॉल के पद से स्थानांतरित कर मेरठ विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है।
पंकज कुमार की जगह मायाशंकर यादव
शासन की तबादला सूची में नगर निगम के अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार का नाम भी शामिल है। उन्हें अपर आयुक्त, चित्रकूटधाम मंडल बनाया गया है। उनके स्थान पर बांदा में अपर जिलाधिकारी न्यायिक के पद पर तैनात मायाशंकर यादव को मेरठ का नया अपर नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
खाली पद पर रमेश यादव की तैनाती
मेरठ में अपर आयुक्त का पद अमित कुमार सिंह के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बनने के बाद से खाली चल रहा था। शासन ने इस पद पर सहारनपुर मंडल में तैनात अपर आयुक्त रमेश यादव को भेजा है। उनके तबादले से मंडलीय प्रशासन में भी नई जिम्मेदारी तय हो गई है। इस फेरबदल के बाद मेडा और नगर निगम में नए अधिकारियों की तैनाती के साथ प्रशासनिक कामकाज में बदलाव देखने को मिलेगा।


No comments:
Post a Comment