राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में मेडिकल कॉलेज मेरठ की टीम ने मारी बाजी

12 मेडिकल कॉलेजों की टीमों के बीच हासिल किया पहला स्थान, नेत्र रोग विभाग की चार परास्नातक छात्राओं ने दिखाया हुनर

मेरठ।  मेडिकल कॉलेज मेरठ के नेत्र रोग विभाग ने राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 मेडिकल कॉलेजों की टीमों ने प्रतिभाग किया था। कड़े मुकाबले में मेरठ मेडिकल कॉलेज की टीम ने सभी को पछाड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।

30 अक्टूबर से एक नवंबर 2026 तक आयोजित उत्तर प्रदेश की सातवीं वार्षिक नेत्र रोग चिकित्सा कांफ्रेंस के दौरान यह प्रतियोगिता हुई। मेडिकल कॉलेज मेरठ की टीम ने विभागाध्यक्ष डॉ. लोकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन किया।

टीम में परास्नातक छात्राएं डॉ. ग्रेसी सिंह, डॉ. साक्षी जायसवाल, डॉ. हिमानी अग्रवाल और डॉ. प्राची शामिल रहीं। चारों छात्राओं ने अपनी विषयगत जानकारी और प्रतिभा के दम पर प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया।

प्राचार्य ने दी बधाई, विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह

टीम की इस उपलब्धि पर विभागाध्यक्ष डॉ. लोकेश कुमार सिंह ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विभाग के अन्य परास्नातक विद्यार्थियों को भी शैक्षणिक और प्रतियोगी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।

विभाग की ओर से डॉ. अलका गुप्ता, डॉ. जयश्री द्विवेदी, डॉ. प्रियांक और डॉ. प्रियंका ने विजेता छात्राओं को बधाई दी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने भी नेत्र रोग विभाग की इस उपलब्धि पर पूरी टीम की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रदर्शित करती हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts