जमानत मिलने के बाद भी जेल से बाहर नहीं आ सकीं उर्मिला सनावर, जमानती का इंतजार
दो दिन से नहीं मिल रहे सक्षम जमानती, हरिद्वार की रोशनाबाद जिला जेल में बितानी पड़ेगी एक और रात; पांच करोड़ की रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी
हरिद्वार। अभिनेत्री उर्मिला सनावर को कोर्ट से जमानत मिलने के बावजूद जेल से रिहाई नहीं मिल सकी है। जमानत आदेश जारी होने के दो दिन बाद भी उनके लिए सक्षम जमानती उपलब्ध नहीं हो पाए हैं। इसके चलते उन्हें मंगलवार रात भी हरिद्वार की रोशनाबाद जिला जेल में बितानी पड़ेगी। अब उनकी रिहाई के लिए जमानती पेश होने और न्यायालय की औपचारिकताएं पूरी होने का इंतजार किया जा रहा है।
उर्मिला सनावर की अधिवक्ता प्रीति सिंह चौहान ने बताया कि सोमवार को अदालत ने उनकी जमानत याचिका मंजूर कर ली थी, लेकिन रिहाई के लिए आवश्यक सक्षम जमानती पेश नहीं हो सके। मंगलवार को भी यही स्थिति बनी रही। ऐसे में जमानत मिलने के बावजूद उनकी रिहाई की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई।
पूर्व विधायक की बेटी ने दर्ज कराया था मुकदमा
दरअसल, पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने 25 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उर्मिला ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
इसके अलावा रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने के लिए पांच करोड़ रुपये मांगने और मांग पूरी नहीं होने पर दीपिका राठौर व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था।
सहारनपुर स्थित आवास से हुई थी गिरफ्तारी
दीपिका राठौर की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उर्मिला सनावर को सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें हरिद्वार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। तब से वह रोशनाबाद जिला कारागार में बंद हैं।
जमानत का आदेश, लेकिन रिहाई पर अटका पेंच
सोमवार को जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद अदालत ने उर्मिला सनावर को राहत देते हुए जमानत मंजूर कर दी थी। उम्मीद थी कि मंगलवार को जमानती पेश होने के बाद उन्हें जेल से रिहा कर दिया जाएगा, लेकिन सक्षम जमानती उपलब्ध नहीं होने से प्रक्रिया अटक गई।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि न्यायालय से रिहाई के संबंध में जो भी आदेश प्राप्त होगा, उसका पालन किया जाएगा। वहीं, अधिवक्ता के मुताबिक जमानती पेश होने और अदालत की निर्धारित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही उर्मिला सनावर की जेल से रिहाई संभव हो सकेगी।


No comments:
Post a Comment