बाल दिवस पर नन्हे हाथों ने संभाली नमो भारत स्टेशन की कमान
स्टेशन कंट्रोलर से लेकर उद्घोषक और टिकट कर्मचारी तक बने बच्चे, यात्रियों की मदद कर सीखा ट्रेन संचालन का गुर
मेरठ। बाल दिवस पर मेरठ साउथ नमो भारत स्टेशन का नजारा कुछ अलग ही नजर आया। यहां स्टेशन के संचालन की जिम्मेदारी एक दिन के लिए स्कूली बच्चों ने संभाली। कोई स्टेशन कंट्रोलर बना तो किसी ने उद्घोषक की भूमिका निभाई। किसी ने टिकट काउंटर पर यात्रियों की मदद की तो किसी ने हेल्प डेस्क पर पहुंचकर यात्रियों का मार्गदर्शन किया। एनसीआरटीसी की इस अनूठी पहल ने बच्चों को न केवल मनोरंजन का अवसर दिया, बल्कि उन्हें आधुनिक रेल संचालन की बारीकियां समझने का मौका भी मिला।
स्टेशन की अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाईं
एनसीआरटीसी की टीम के मार्गदर्शन में बच्चों ने स्टेशन के विभिन्न विभागों में जूनियर कर्मचारियों की भूमिका निभाई। उन्होंने स्टेशन कंट्रोलर, उद्घोषक, टिकट कर्मचारी और कस्टमर केयर एसोसिएट के रूप में काम किया। इसके साथ ही स्टेशन की सुरक्षा, साफ-सफाई और रखरखाव से जुड़ी गतिविधियों को भी करीब से जाना। बच्चों ने समझा कि किस तरह अलग-अलग टीमें आपसी तालमेल से काम करती हैं, जिससे हजारों यात्रियों का सफर सुरक्षित और आरामदायक बनता है।
कंट्रोल रूम में जाना ट्रेन संचालन का तरीका
बच्चों के लिए स्टेशन कंट्रोल रूम (एससीआर) का अनुभव सबसे रोमांचक रहा। यहां उन्होंने ट्रेन संचालन और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे। उन्हें यह भी बताया गया कि नमो भारत और मेरठ मेट्रो की ट्रेनें एक ही ट्रैक पर किस तरह संचालित होती हैं। बच्चों ने आधुनिक तकनीक और परिचालन व्यवस्था को लेकर विशेष उत्सुकता दिखाई।
सुरक्षा जांच और सीसीटीवी निगरानी की जानकारी ली
उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (यूपीएसएसएफ) के जवानों ने बच्चों को यात्रियों की सुरक्षा जांच की प्रक्रिया समझाई। उन्हें एक्स-रे मशीन से सामान की जांच और स्टेशन के सिक्योरिटी कंट्रोल रूम में लगे लाइव सर्विलांस सिस्टम की जानकारी दी गई। इसके अलावा स्टेशन की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव की प्रक्रिया से भी परिचित कराया गया।
यात्रियों के चेहरों पर भी आई मुस्कान
नन्हे स्टेशन कर्मचारियों को यात्रियों का अभिवादन करते, उनकी यात्रा के बारे में पूछते और टिकट देते देखकर यात्री भी उत्साहित नजर आए। यात्रियों ने एनसीआरटीसी की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने नमो भारत ट्रेन में सफर कर उसकी तेज रफ्तार और आधुनिक सुविधाओं का अनुभव भी किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी बच्चों को इस यादगार अनुभव के लिए प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। एनसीआरटीसी की इस पहल ने बाल दिवस को बच्चों के लिए सीखने, समझने और जिम्मेदारी निभाने का खास अवसर बना दिया।



No comments:
Post a Comment